रोहतास में पैक्स मतदाता सूची का होगा ऑनलाइन सत्यापन, 10 पैक्स में डाटा एंट्री का काम शुरू
बैठक करते पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
दिनारा प्रखंड में पैक्स डाटा सत्यापन और कंप्यूटरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। किसान 9 सितंबर तक अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।
Rohtas News : दिनारा प्रखंड क्षेत्र में प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के डाटा सत्यापन, सहकारिता प्रसार संशोधन और कंप्यूटरीकरण को लेकर कवायद तेज कर दी गयी है. इसी क्रम में बुधवार को अकोढ़ा पैक्स गोदाम में बैठक आयोजित की गयी. इसमें सहकारिता विभाग के पदाधिकारी, पैक्स अध्यक्ष और सदस्य शामिल हुए. बैठक में पैक्स से जुड़े मतदाताओं के विवरण को ऑनलाइन दर्ज करने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने को लेकर जानकारी दी गयी.
आपके शहर में
10 पैक्स में शुरू हुआ डाटा एंट्री का काम
प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मधुरेन्द्र कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश के अनुसार पैक्स से जुड़े सभी मतदाताओं का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है. इसका उद्देश्य पैक्स की मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और पूरी व्यवस्था को कंप्यूटरीकृत करना है.
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में प्रखंड क्षेत्र के 10 पैक्स में यह कार्य शुरू हो चुका है. इनमें अकोढ़ा, अरंग, भानपुर, बलियां, महरोढ़, लिलवछ, भुई, करंज, बिसीकला और भंडसरा पैक्स शामिल हैं. इन पैक्सों में मतदाताओं के विवरण की डाटा एंट्री की जा रही है.
पैक्स मतदाताओं से ऑनलाइन विवरण दर्ज कराने की अपील
प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने पैक्स वोटर लिस्ट से जुड़े सभी किसान मतदाताओं से अपने संबंधित पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक से संपर्क करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मतदाता समय पर अपना विवरण ऑनलाइन दर्ज करा लें, ताकि मतदाता सूची में नाम छूटने या किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे.
9 सितंबर तक चलेगा ऑनलाइन कार्यक्रम
पैक्स मतदाता डाटा का ऑनलाइन कार्यक्रम 31 अगस्त से शुरू हुआ है, जो आगामी 9 सितंबर तक चलेगा. पैक्स द्वारा निर्धारित एक्सेल शीट में टैबलेट के माध्यम से आवश्यक जानकारी दर्ज की जायेगी. इसके बाद शीट को हस्ताक्षरित कर पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा.
कंप्यूटरीकरण से व्यवस्था में आयेगी पारदर्शिता
सहकारिता विभाग की इस कवायद के तहत पैक्स से जुड़े मतदाताओं का डाटा डिजिटल रूप से दर्ज किया जा रहा है. इससे मतदाता सूची के सत्यापन के साथ रिकॉर्ड को कंप्यूटरीकृत करने में मदद मिलेगी. विभाग की ओर से मतदाताओं से समय सीमा के भीतर अपना विवरण दर्ज कराने को कहा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए