रोहतास : चेनारी CMC में सुबह से पहुंच गए 200 मरीज, मौसम में बदलाव से बढ़ी संख्या
सीएचसी चेनारी के ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे मरीज | Prabhat Khabar Network
रोहतास में बदलते मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कभी बारिश तो कभी तेज धूप और उमस के कारण स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ गई हैं. चेनारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में 200 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जिनमें सर्दी, खांसी और बुखार के मामले प्रमुख हैं.
Rohtas Weather News : पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कभी बारिश तो कभी तेज धूप और उमस से लोग परेशान हैं. मौसम में हो रहे इस बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है.
आपके शहर में
सोमवार को चेनारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की ओपीडी में इलाज कराने के लिए दोपहर 12 बजे तक 200 से अधिक मरीज पहुंचे. यह संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही. सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ देखने को मिली.
बारिश के बाद तेज धूप और उमस से बढ़ी परेशानी
कभी बारिश और उसके बाद अचानक तेज धूप निकलने से वातावरण में उमस बढ़ जा रही है. सुबह और शाम मौसम सुहाना रहने के बाद दिन में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है. ऐसे मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी हो रही है. मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों में मौसमी बीमारियों के लक्षण भी दिखाई देने लगे हैं.
ओपीडी में सर्दी-खांसी और बुखार के मरीज अधिक
सोमवार को सीएचसी की ओपीडी में सर्दी, खांसी, बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे. अस्पताल में चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं लिखीं. कई मरीजों को मौसम में बदलाव के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह भी दी गयी.
बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे अभिभावक
बच्चों में भी मौसमी बीमारी के लक्षण दिखाई देने के कारण कई अभिभावक उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे. अभिभावक रवि कुमार, अंकित यादव और राजू पासवान ने बताया कि मौसम बदलने के बाद बच्चों को सर्दी-खांसी और बुखार की शिकायत होने लगी है. इसके बाद वे बच्चों को इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे.
डॉक्टर ने दी पर्याप्त पानी पीने और साफ-सफाई की सलाह
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि बारिश के बाद अचानक धूप और उमस बढ़ने से मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए. खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने तथा बारिश में भीगने के बाद गीले कपड़ों में अधिक देर तक नहीं रहने की सलाह दी गयी है.
मरीज बोला-दो दिन से बुखार और बदन दर्द की शिकायत
ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे एक मरीज ने बताया कि पिछले दो दिनों से मौसम में काफी बदलाव हो रहा है. कभी बारिश हो रही है तो कुछ देर बाद तेज धूप निकल जा रही है. इसी दौरान उसे बुखार और बदन दर्द की शिकायत हुई. दवा लेने के लिए वह सोमवार को सीएचसी पहुंचा.
वायरल संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता जरूरी
चिकित्सकों के अनुसार, बदलते मौसम में वायरल संक्रमण और मौसमी बीमारियों से बचने के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता जरूरी है. हाथों को साफ रखना, स्वच्छ पानी पीना और पौष्टिक भोजन करना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है. बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना भी जरूरी है.
मरीजों की लगातार की जा रही जांच
सीएचसी में आने वाले मरीजों की चिकित्सकों द्वारा जांच की जा रही है. स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है. अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्यकर्मी भी लगातार निगरानी कर रहे हैं.
दोपहर की धूप से बचें, बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
चिकित्सकों ने दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है. मौसम का मिजाज बदलने तक लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज नहीं करने की जरूरत है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए