डेहरी में हजारों उपभोक्ता बिजली विभाग के रडार पर, 2000 से अधिक बिल वालों की कट रही बिजली लाइन

बकायेदार बिजली उपभोक्ताओं का जांच करती टीम
डेहरी नगर में बिजली विभाग ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ एक सख्त अभियान शुरू किया है. जिन उपभोक्ताओं पर ₹2000 से अधिक का बिजली बिल बकाया है, उनकी बिजली आपूर्ति काटी जा रही है. विभाग ने राजस्व हानि रोकने के लिए बिजली चोरी की जांच भी तेज कर दी है.
Bijli Vibhag : रोहतास के डेहरी नगर के टाउन विद्युत प्रशाखा क्षेत्र में बिजली विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. जिन उपभोक्ताओं पर 2000 रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है, उनकी बिजली लाइन काटी जा रही है. जुलाई महीने से शुरू हुए इस अभियान ने अब रफ्तार पकड़ ली है और विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है.
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में ऐसे उपभोक्ताओं की संख्या चार से पांच हजार के बीच है, जिनका बिजली बिल दो हजार रुपये से अधिक बकाया है. विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए दो अलग-अलग टीमों का गठन किया है, जो लगातार इलाके में घूम-घूमकर बकायेदारों की पहचान कर कार्रवाई कर रही हैं.
Power Cut : जुलाई से शुरू हुआ अभियान, लगातार चल रही कार्रवाई
कनीय विद्युत अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि बकाया वसूली और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से यह अभियान जुलाई महीने से ही शुरू कर दिया गया था. शुरुआत में चेतावनी दी गई, लेकिन इसके बाद भी जिन उपभोक्ताओं ने भुगतान नहीं किया, उनके खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि अब तक करीब 70 से 80 उपभोक्ताओं की बिजली लाइन काटी जा चुकी है. आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा बकाया वसूली हो सके.
Vibhag Action : बिजली चोरी पर भी नजर, जांच तेज
अभियान के दौरान सिर्फ बकाया वसूली ही नहीं, बल्कि बिजली चोरी पर भी विभाग की नजर है. अधिकारी लगातार जांच कर रहे हैं कि कहीं अवैध तरीके से बिजली का उपयोग तो नहीं किया जा रहा है. यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित उपभोक्ताओं पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
बिजली विभाग का कहना है कि राजस्व नुकसान को रोकने और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम जरूरी है.
Sasaram News : उपभोक्ताओं से अपील, समय पर करें भुगतान
कनीय अभियंता प्रमोद कुमार ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपना बिजली बिल जमा करें, ताकि बिजली कटने जैसी परेशानी से बचा जा सके. उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि व्यवस्था को सही रखना है.
आगे और सख्ती के संकेत
विभाग ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आने वाले समय में इस अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा. जो उपभोक्ता अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें जल्द ही कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में बेहतर यही है कि समय रहते बकाया जमा कर दिया जाए, ताकि बिजली सेवा निर्बाध रूप से जारी रह सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










