रोहतास: चलती ऑटो में बुजुर्ग महिला के गहने चोरी, दो महिलाएं और चालक गिरफ्तार
बिक्रमगंज थाना की तस्वीर
बिक्रमगंज में खरीदारी कर घर लौट रही बुजुर्ग महिला के साथ चलती ऑटो में गहने चोरी हो गए. महिला के शोर मचाने पर लोगों ने ऑटो रुकवा लिया और दो महिला चोरों सहित चालक को पकड़ लिया.
Rohtas Elderly Woman Robbed Inside Moving Auto : बिक्रमगंज के तेंदुनी चौक बाजार से खरीदारी कर ऑटो से घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला के साथ चलती गाड़ी में गहने चोरी करने का मामला सामने आया है. महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों की तत्परता से आरोपितों को पकड़ लिया गया.
ऑटो में ही उतार लिए गहने
जानकारी के अनुसार, गुलजारबाग निवासी बुजुर्ग महिला बाजार से सामान खरीदकर ऑटो से घर लौट रही थीं. उसी ऑटो में सवार दो महिलाओं ने मौका पाकर उनके गले से मोतियों की माला (जिसमें सोने की गुरिया लगी थी) और कान की बाली चोरी कर ली.
Sasaram News : शोर मचाते ही लोगों ने रोका ऑटो
जब बुजुर्ग महिला ऑटो से उतरने लगीं, तब उन्हें गहने गायब होने का अहसास हुआ. उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग जुट गए और ऑटो को रोक लिया.
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो में सवार दो महिलाओं समेत चालक को हिरासत में लेकर थाना ले आई. पूछताछ के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
Crime News : आरोपितों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नोखा निवासी लक्ष्मी देवी और सरिता देवी के रूप में हुई है. वहीं ऑटो चालक ज्योतिष कुमार (पिता कन्हैया राम), निवासी शिवपुर, नोखा को भी गिरफ्तार किया गया है. जब्त ऑटो का नंबर बीआर 24 पीए 9092 बताया गया है.
पहले भी कर चुकी हैं ऐसी वारदातें
प्रभारी थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों महिलाओं का इस तरह की चोरी की घटनाओं में पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए