रोहतास में ATM से 32.68 लाख की चोरी के 100 दिन बाद भी अपराधी फरार, पुलिस के हाथ खाली
एक्सिस बैंक एटीएम,जहां अपराधियों ने दिया था घटना का अंजाम
रोहतास में एक्सिस बैंक के एटीएम से 32.68 लाख रुपये की चोरी को 100 दिन हो चुके हैं, लेकिन मुख्य अपराधी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस ने अपराधियों की पहचान का दावा किया है, पर गिरफ्तारी का इंतजार है।
रोहतास के कोचस में एक्सिस बैंक के एटीएम से 32.68 लाख रुपये चोरी होने की घटना को 100 दिन पूरे हो गये हैं, लेकिन अब तक इस मामले में शामिल अपराधी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. नगर पंचायत स्थित स्थानीय बस पड़ाव के सामने ओवरब्रिज के नीचे 14 जून की तड़के हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा किया था. हालांकि, 100 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस मुख्य अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है.
घटना के बाद से एटीएम के आसपास के दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. दुकानदारों का कहना है कि वारदात के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस के वरीय अधिकारियों ने जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की बात कही थी. लेकिन, लंबा समय बीतने के बावजूद मामले का उद्भेदन नहीं हो सका है.
आठ मिनट में ATM काटकर ले गये 32.68 लाख
14 जून की सुबह बोलेरो से पहुंचे पांच नकाबपोश अपराधियों ने एक्सिस बैंक के एटीएम को निशाना बनाया था. अपराधियों ने गैस कटर की मदद से एटीएम को काटा और उसमें रखे 32.68 लाख रुपये लेकर फरार हो गये थे. पूरी वारदात करीब आठ मिनट के अंदर अंजाम दी गयी थी.
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. अपराधियों के भागने के दौरान इस्तेमाल किये गये सफेद रंग के बोलेरो वाहन को पुलिस ने कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद किया था. वाहन बरामद होने के बाद पुलिस को उम्मीद थी कि इस सुराग से अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी, लेकिन अब तक मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
पुलिस का दावा- अपराधियों की पहचान हुई
इस मामले में सदर एसडीपीओ टू संजीव कुमार ने बताया कि एक्सिस बैंक के एटीएम से कैश चोरी की घटना में शामिल अपराधियों को चिन्हित कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले में गठित विशेष टीम जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करेगी.
पुलिस के इस दावे के बावजूद घटना के 100 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस की विशेष टीम आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है. वारदात में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले के खुलासे का इंतजार है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए