बिक्रमगंज में डीएम-एसपी ने छात्रों से किया सीधा संवाद, अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश

बिक्रमकंज अनुमंडल में छात्रों से बात करते डीएम एसपी व अन्य
रोहतास जिले के विक्रमगंज में डीएम और एसपी ने रात में ही विधि-व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए. इसके बाद उन्होंने महावीर क्विज सेंटर पहुंचकर छात्रों से सीधा संवाद किया और सफलता के मंत्र दिए.
DM-SP interaction With Student : रोहतास जिले के विक्रमगंज अनुमंडल में शुक्रवार की रात प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आया, जब डीएम दीपक कुमार मिश्र और एसपी रौशन कुमार ने खुद मोर्चा संभालते हुए विधि-व्यवस्था की समीक्षा की. देर रात अनुमंडल कार्यालय में हुई इस बैठक में अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया कि किसी भी हाल में शांति व्यवस्था से समझौता नहीं होगा और हर स्तर पर सतर्कता जरूरी है.
बैठक में इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहन चर्चा हुई. खास तौर पर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, पुलिस गश्ती बढ़ाने और प्रशासन-पुलिस के बीच तालमेल मजबूत करने पर जोर दिया गया. डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके.
Sasaram News : सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने का निर्देश
अधिकारियों को यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए. किसी भी अफवाह को फैलने से पहले ही रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया. साथ ही हर परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक और पुलिस टीम को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया. आम लोगों से भी अपील की गई कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.
इस महत्वपूर्ण बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. सभी को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर हालात पर नजर बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई.
महावीर क्विज सेंटर में छात्रों से संवाद, दी सफलता की सीख
वहीं समीक्षा बैठक के बाद डीएम और एसपी सासाराम स्थित महावीर क्विज सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद किया. यहां माहौल पूरी तरह अलग नजर आया, जहां प्रशासनिक सख्ती के बीच प्रेरणादायक बातें भी सुनने को मिलीं.
डीएम दीपक कुमार मिश्र ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य होना बेहद जरूरी है. उन्होंने अनुशासन, लगातार मेहनत और समय के सही उपयोग को सफलता की असली कुंजी बताया. साथ ही उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए. मोबाइल और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी उन्होंने कहा कि इसका उपयोग केवल जरूरी और सकारात्मक कामों के लिए ही करें.
युवाओं को एसपी ने बताया देश की ताकत
एसपी रौशन कुमार ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताया. उन्होंने कहा कि अगर युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में इस्तेमाल करें, तो वे समाज और देश के विकास में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और कड़ी मेहनत को अपनाने की अपील की.
इसके साथ ही उन्होंने कानून का सम्मान करने और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया. छात्रों ने भी इस संवाद में उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुना.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










