मौसम में बदलाव से छपरा में वायरल बुखार के मरीज बढ़े, डेंगू-मलेरिया के लक्षणों ने बढ़ायी चिंता

Updated:
विज्ञापन

ओपीडी के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर खड़े मरीज | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सारण में मौसम के उतार-चढ़ाव से वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सदर अस्पताल में सर्दी, जुकाम, बुखार और वायरल इंफेक्शन के शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की भीड़ लगी है. स्वास्थ्य विभाग डेंगू और मलेरिया जैसे लक्षणों को लेकर चिंतित है.

विज्ञापन

Saran News : बीते तीन-चार दिनों से सुबह में हल्की सिहरन, दोपहर में तेज धूप और उमस तथा रात में तापमान में गिरावट के साथ ठंडी हवा चल रही है. मौसम में हो रहे इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है. शहर में मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े हैं. सदर अस्पताल के ओपीडी और इमरजेंसी में सर्दी, बुखार और वायरल इंफेक्शन की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं. वहीं कुछ मरीजों में डेंगू और मलेरिया जैसे लक्षण मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ी है.

विज्ञापन

सोमवार को सदर अस्पताल के ओपीडी में रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचे अधिकतर मरीजों में सर्दी, बुखार और वायरल इंफेक्शन की शिकायत पायी गयी. रजिस्ट्रेशन काउंटर से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को पहले शिफ्ट में 510 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इनमें 187 मरीज सामान्य बुखार और इंफेक्शन से जुड़ी शिकायत लेकर इलाज कराने पहुंचे थे. इन्हें जांच के बाद अलग-अलग विभागों में चिकित्सकों के पास भेजा गया.

एक सप्ताह में वायरल मरीजों की संख्या बढ़ी

सदर अस्पताल में पिछले एक सप्ताह के दौरान वायरल इंफेक्शन से पीड़ित मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी देखी गयी है. शिशु रोग विभाग में भी बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ी है. पिछले तीन दिनों में शिशु वार्ड में 167 बच्चों को देखा गया. इनमें अधिकतर बच्चों में वायरल इंफेक्शन के लक्षण पाये गये.

चिकित्सकों के अनुसार मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के दौरान बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. तापमान में अचानक बदलाव से संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

निजी क्लीनिकों में भी बढ़ी मरीजों की संख्या

शहर के निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में भी बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी है. दारोगा राय चौक, नगरपालिका चौक और भगवान बाजार स्थित निजी क्लीनिकों में सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी जा रही है. इनमें पांच वर्ष से लेकर 40 वर्ष तक के मरीजों की संख्या अधिक बतायी जा रही है.

शहर के करीब आधा दर्जन निजी क्लीनिकों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह में बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. अधिकतर मरीजों को सामान्य से अधिक बुखार हो रहा है. हालांकि तीन से चार दिन दवा लेने के बाद कई मरीजों का बुखार उतर जा रहा है. इसके बाद कमजोरी की शिकायत बनी रह रही है.

कुछ मरीजों को डेंगू जांच की सलाह

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. केएम दुबे ने बताया कि वायरल इंफेक्शन कई अलग-अलग प्रकार के होते हैं. छोटे बच्चों में सामान्य बुखार के लक्षण अधिक पाये जा रहे हैं. कुछ मरीजों में इंफेक्शन का प्रकोप अधिक दिखने पर उन्हें डेंगू की जांच कराने की सलाह भी दी गयी है.

उन्होंने बताया कि इस समय मौसम में काफी फेरबदल हो रहा है. लोग सावधानी नहीं बरतने के कारण संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं. सामान्य तौर पर तीन से चार दिन तक बुखार रहने की शिकायत सामने आ रही है. ऐसे में मरीजों को शुरुआती स्तर पर ही चिकित्सक से जांच करानी चाहिए. घरेलू उपचार के भरोसे रहने से कई बार बीमारी बढ़ सकती है.

उन्होंने कहा कि इस मौसम में डेंगू का भी खतरा रहता है. इसलिए घर और आसपास साफ-सफाई रखने के साथ मच्छरों से बचाव के उपाय करना जरूरी है.

इस समय बरतें ये सावधानियां

  • घर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखें.
  • कूलर और गमले का पानी नियमित रूप से बदलें.
  • सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें.
  • दिन में मच्छर भगाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करें.
  • घर के आसपास गंदगी और पानी जमा नहीं होने दें.
  • जमा पानी और गंदगी वाले स्थानों पर कीटनाशक का प्रयोग करें.
  • साफ और सुरक्षित पानी पीएं.
  • पौष्टिक भोजन का सेवन करें.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन