सारण : 10 हजार आबादी, फूल मंडी और हनुमान मंदिर... फिर भी पानी में डूबा कटहरी बाग, लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
कटहरी बाग में लगा जलजमाव

कटहरी बाग में लगा जलजमाव

Chapra waterlogging : छपरा के कटहरी बाग इलाके में वर्षों से जलजमाव की विकट समस्या बनी हुई है. 10 हजार से अधिक आबादी, प्रसिद्ध हनुमान मंदिर और फूल मंडी के बावजूद जल निकासी की स्थायी व्यवस्था न होने से स्थानीय लोग परेशान हैं. कई बार शिकायत के बाद भी समाधान न मिलने पर अब आंदोलन की चेतावनी दी गई है.

विज्ञापन

Chapra waterlogging : छपरा शहर का प्रमुख रिहायशी और व्यावसायिक इलाका कटहरी बाग वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है. 10 हजार से अधिक आबादी, फूल मंडी और प्रसिद्ध हनुमान मंदिर होने के बावजूद जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है. लगातार शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं मिलने से स्थानीय लोगों ने अब नगर निगम के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है.

जलजमाव से कटहरी बाग की सड़कें बनीं परेशानी का कारण

छपरा शहर के कटहरी बाग मुहल्ले में वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. कटहरी बाग चौक, मेवालाल चौक जाने वाली सड़क, छोटा तेलपा मार्ग और रावल टोला रोड जैसे प्रमुख रास्ते सामान्य दिनों में भी पानी से भरे रहते हैं. बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है.

Chapra waterlogging : 10 हजार से अधिक आबादी रोज झेल रही परेशानी

कटहरी बाग और आसपास की कॉलोनियों में 10 हजार से अधिक लोग रहते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने नाले जर्जर हो चुके हैं और नए नालों का निर्माण नहीं होने से हल्की बारिश में भी सड़कें जलमग्न हो जाती हैं. कई स्थानों पर नालों की ऊंचाई सड़क से अधिक होने के कारण पानी की निकासी बाधित रहती है.

कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं

स्थानीय निवासी मुकेश कुमार, राजेश प्रसाद, मयंक, अशोक और रजत ने बताया कि नगर निगम को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला. उनका कहना है कि यदि इस मानसून में भी जल निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो नगर निगम का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा.

हनुमान मंदिर जाने वाले श्रद्धालु भी परेशान

कटहरी बाग चौक पर स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं. इसके बावजूद मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क अक्सर जलमग्न रहती है. बरसात में महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. फुटपाथ पर अतिक्रमण होने से समस्या और बढ़ जाती है.

फूल मंडी और व्यापार पर भी पड़ रहा असर

कटहरी बाग छपरा की प्रमुख फूल मंडी के रूप में जाना जाता है. यहां 50 से अधिक फूल विक्रेताओं की दुकानें हैं, जहां शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से लोग शादी-विवाह, पर्व-त्योहार और अन्य आयोजनों के लिए फूल खरीदने आते हैं. इसके अलावा यहां 20 से अधिक फर्नीचर और कारपेंटर की दुकानें, कई ट्रांसपोर्ट कार्यालय तथा लेबर चौक भी है. जलजमाव के कारण कारोबार भी प्रभावित हो रहा है.

नगर निगम ने क्या कहा?

इस मामले में मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने बताया कि कटहरी बाग और आसपास के इलाकों में नालों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं. जलजमाव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर पानी निकासी की व्यवस्था कराई जा रही है.

Also Read : सारण में आधी रात दुकान में घुसे चोर, गल्ला तोड़ा लेकिन हाथ लगी निराशा, जानिए पूरा मामला


विज्ञापन
Prabhat Kiran Himanshu

लेखक के बारे में

By Prabhat Kiran Himanshu

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन