विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के लिए तैयारी तेज, 30 सितंबर तक युवा कर सकेंगे क्विज के लिए रजिस्ट्रेशन
AI से बनाई गई तस्वीर
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के लिए सारण में तैयारियां शुरू हो गई हैं. 15-29 वर्ष के युवा 30 सितंबर तक क्विज के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.
Saran News : विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के आयोजन को लेकर सारण में तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. कार्यक्रम के सफल संचालन और अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी. जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर हुई बैठक में संबंधित विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गयीं और समयबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया.
चैलेंज ट्रैक और कल्चरल ट्रैक के तहत होंगे आयोजन
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इसके तहत चैलेंज ट्रैक का आयोजन छात्र एवं युवा कल्याण निदेशालय, बिहार, पटना की ओर से तथा कल्चरल ट्रैक का आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा किया जाना है.
30 सितंबर तक क्विज के लिए कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन
चैलेंज ट्रैक के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर क्विज में भाग ले सकेंगे. क्विज में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी है. क्विज में सफल प्रतिभागियों को पोर्टल के माध्यम से निबंध लेखन में भाग लेने का अवसर मिलेगा.
निबंध से जिला स्तरीय पीपीटी राउंड तक होगा चयन
निबंध लेखन की अवधि पांच अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है. निबंध लेखन में सफल 50 प्रतिभागियों को जिला स्तर पर आयोजित पीपीटी राउंड में भाग लेने का मौका मिलेगा. जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय पीपीटी राउंड 10 से 16 नवंबर 2026 के बीच आयोजित कराया जाएगा.
जिला से दो प्रतिभागी पहुंचेंगे राज्य स्तर पर
जिला स्तरीय प्रतियोगिता से दो प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 17 नवंबर से सात दिसंबर 2026 के बीच आयोजित होगी. यह प्रतियोगिता दो दिवसीय होगी, जिसकी निश्चित तिथि बाद में घोषित की जाएगी.
राष्ट्रीय युवा उत्सव में मिलेगा भाग लेने का मौका
राज्य स्तर पर सफल प्रतिभागियों को 10 से 12 जनवरी 2027 तक नयी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा. बैठक में जिला युवा पदाधिकारी, सारण को कार्यक्रम के तहत होने वाली गतिविधियों का रोस्टर तैयार करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
स्कूलों और कॉलेजों में होगा व्यापक प्रचार
जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और अधिकाधिक छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गयी. जिला खेल पदाधिकारी को खेल क्लबों और खिलाड़ियों को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
स्काउट एंड गाइड और एनएसएस भी चलायेंगे जागरूकता अभियान
भारत स्काउट एवं गाइड के जिला संगठन आयुक्त अमन राज को विद्यालयों में जागरूकता रैली, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता समेत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया. बैठक में बताया गया कि सारण जिले में 49 अंगीभूत महाविद्यालय, 15 बीएड कॉलेज और 12 संबद्ध महाविद्यालयों में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं. इन संस्थानों में भी युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया.
एनसीसी कैडेटों को भी कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी
जिले के जगदम कॉलेज, रामजयपाल कॉलेज और राजेंद्र कॉलेज, छपरा में एनसीसी के सीनियर डिवीजन संचालित हैं. संबंधित कॉलेजों के एनसीसी अधिकारियों को विद्यार्थियों को कार्यक्रम की जानकारी देने और अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर जोर
उप विकास आयुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय युवा उत्सव - विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है. कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत@2047 के लिए अपने विचार, नवाचार और समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और जिले के अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए