सारण: रसूलपुर में निर्माणाधीन बिजली लाइन से 14 पोल का तार चोरी, ठेकेदार ने दर्ज करायी FIR
AI से बनाई गई तस्वीर
रसूलपुर में मुख्यमंत्री विद्युत संबंध योजना के तहत निर्माणाधीन लाइन से 14 पोल का तार चोरी हो गया। ठेकेदार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया।
Saran News : चैनवा में मुख्यमंत्री विद्युत संबंध योजना फेज-2 के तहत निर्माणाधीन बिजली लाइन से अज्ञात चोरों ने करीब 14 पोल का तार चोरी कर लिया. घटना चैनवा सती माई स्थान के समीप की है. चोरों ने 11 केवी की निर्माणाधीन बिजली लाइन में लगे रैबिट कंडक्टर को काटकर गायब कर दिया. मामले में शिव भवानी कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार करंजीत कुमार सिंह ने रसूलपुर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सुबह कर्मचारियों ने देखा तार गायब
जानकारी के अनुसार, मुख्य संवेदक कंपनी मोंटे कार्लो के अधीन क्षेत्र में नई बिजली लाइन बिछाने, पोल लगाने और ट्रांसफार्मर स्थापित करने का काम चल रहा है. इसी दौरान चोरों ने सती माई स्थान के पास योजनाबद्ध तरीके से करीब 14 खंभों के बीच लगे रैबिट कंडक्टर तार को काट दिया.
सुबह कंपनी के कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों की नजर जब गायब तार पर पड़ी, तो चोरी की जानकारी हुई. इसके बाद ठेकेदार को सूचना दी गयी और मामले की शिकायत पुलिस से की गयी.
सीसीटीवी और स्थानीय इनपुट से चोरों की तलाश
रसूलपुर पुलिस ने बताया कि ठेकेदार के आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही स्थानीय स्तर पर मिले इनपुट के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए