दिघवारा में कड़ी सुरक्षा के बीच हटाये गये मंदिर और मस्जिद

Author Alok kumar
Updated:
विज्ञापन

थाना क्षेत्र के चकनूर स्थित बाबा गुप्तेश्वर नाथ मंदिर समेत पुराना थाना के समीप स्थित मस्जिद को मंगलवार को कड़ी प्रशासनिक सुरक्षा के बीच हटा दिया गया.

विज्ञापन

दिघवारा. थाना क्षेत्र के चकनूर स्थित बाबा गुप्तेश्वर नाथ मंदिर समेत पुराना थाना के समीप स्थित मस्जिद को मंगलवार को कड़ी प्रशासनिक सुरक्षा के बीच हटा दिया गया. इन दोनों धार्मिक स्थलों के हटाने का काम आसानी से पूरा हो जाने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है. अब इसी के साथ गंगा नदी पर बनने वाले दिघवारा शेरपुर सिक्सलेन सड़क पुल के बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है.

मंगलवार की अहले सुबह से ही मंदिर व मस्जिद के समीप सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम दिखा और बाद में एसपी ग्रामीण संजय कुमार, सोनपुर एसडीओ स्निग्धा नेहा व सोनपुर एसडीपीओ प्रीतेश कुमार की मौजूदगी में कई जेसीबी से एक साथ मंदिर व मस्जिद को तोड़ने का काम शुरू हुआ और दोपहर बाद मंदिर व मस्जिद को पूरी तरह से हटा दिया गया. इसी क्रम में मंदिर के बगल में स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय चकनूर की बिल्डिंग को भी तोड़कर हटा दिया गया. अब यह स्कूल नया मंदिर के पीछे स्थानांतरित हो गया है.

इससे पूर्व दर्जनों पदाधिकारियों की मौजूदगी व सैकड़ों पुलिस के जवानों की मौजूदगी में मंगलवार को मंदिर व मस्जिद को तोड़ने का काम शुरू किया गया. इस दौरान पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया और चारों तरफ के रास्तों को सील कर दिया गया था. किसी भी व्यक्ति को मंदिर व मस्जिद की तरफ जाने की इजाजत नहीं दी गई थी. बता दें कि चकनूर में उक्त मंदिर और मस्जिद चंद कदम की दूरी पर स्थित था. एक तरफ जहां बाबा गुप्तेश्वरनाथ के मंदिर का पौराणिक महत्व था तो वहीं मस्जिद भी काफी पुराना था और सैकड़ों मुसलमान हर दिन इस मस्जिद में नमाज पढ़ने पहुंचते थे. वहीं मंदिर के तोड़े जाने पर सैकड़ों श्रद्धालुओं की आंखें नम थी तो मस्जिद तोड़े जाने का मलाल भी हर मुसलमान के बीच देखने को मिला. इस अवसर पर सोनपुर इंस्पेक्टर ज्ञान प्रकाश, दिघवारा बीडीओ अमर नाथ,सीओ मिट्ठू प्रसाद, नगर के कार्यपालक पदाधिकारी रोशन कुमार, दिघवारा थानाध्यक्ष डॉ रितेश कुमार मिश्र समेत कई थानों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

बीते पांच फरवरी को हटाया गया था शिवलिंग

प्रशासन द्वारा बीते 5 फरवरी की सुबह बजे तीन से ही बाबा गुप्तेश्वर नाथ मंदिर के पुराने मंदिर से शिवलिंग को हटाने का काम कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू किया गया था और बाद में उक्त शिवलिंग को चकनूर में बने नए मंदिर में स्थापित कर दिया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन