सारण के सभी निबंधन कार्यालय बनेंगे मॉडल, पेपरलेस रजिस्ट्रेशन की मिलेगी पूरी जानकारी

Updated:
विज्ञापन

पदाधिकारीयों के साथ बैठक करते डीएम वैभव श्रीवास्तव

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिले के सभी निबंधन कार्यालयों को मॉडल के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया है. पेपरलेस रजिस्ट्रेशन पॉलिसी लागू होने के बाद प्रक्रियाओं को और सरल, पारदर्शी और सुगम बनाया जाएगा.

विज्ञापन

registration process: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सोमवार को स्कोर की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पेपरलेस रजिस्ट्रेशन पॉलिसी लागू होने के बाद जिला निबंधन कार्यालय सहित जिले के सभी अवर निबंधन कार्यालयों में निबंधन कार्यों की प्रगति, आम लोगों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं और कार्यालयों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गयी. डीएम ने निबंधन प्रक्रिया को और सरल, पारदर्शी और सुगम बनाने के साथ निबंधन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

आम लोगों के बीच चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

जिला पदाधिकारी ने सभी निबंधन और अवर निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों के माध्यम से स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर निबंधन से जुड़े प्रावधानों, प्रक्रियाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचायी जाए. नगर पंचायत और अन्य नगर निकायों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ भी समन्वय स्थापित कर नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

डीएम ने कहा कि निबंधन प्रक्रिया की जानकारी के लिए आम नागरिकों को किसी बिचौलिए या अन्य व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना पड़े. इसके लिए प्रत्येक निबंधन कार्यालय में होर्डिंग, बैनर, स्टैंडी, पंपलेट और अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए.

टीवी स्क्रीन और फ्लोचार्ट से समझायी जाएगी प्रक्रिया

निबंधन कार्यालयों के प्रवेश द्वार पर टीवी स्क्रीन लगाने का निर्देश दिया गया है. इसके माध्यम से निबंधन की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, शुल्क और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी. कार्यालय परिसर में सरल और स्पष्ट फ्लोचार्ट लगाने को भी कहा गया है, ताकि नागरिक आसानी से निबंधन प्रक्रिया को समझ सकें.

कर्मचारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

जिला पदाधिकारी ने सभी निबंधन कार्यालयों के लिपिकों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों को समुचित प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया. इससे कर्मचारी आम नागरिकों को निबंधन प्रक्रिया की सही जानकारी देने के साथ ऑनलाइन आवेदन में भी आवश्यक सहयोग कर सकेंगे.

प्रचार सामग्री और पंपलेट का मानक प्रारूप तैयार कर सभी कार्यालयों में उपलब्ध कराने तथा इसके व्यापक वितरण पर भी जोर दिया गया. डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक, सहयोगात्मक और गुणवत्तापूर्ण सेवा मिलनी चाहिए.

फेसबुक लाइव और माइकिंग से होगा प्रचार

सभी निबंधन और अवर निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय के फेसबुक लाइव वीडियो के माध्यम से आम लोगों को निबंधन की पूरी प्रक्रिया समझाने का निर्देश दिया गया. विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में माइकिंग और अनाउंसमेंट के माध्यम से निबंधन सेवाओं से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया.

सभी निबंधन कार्यालय बनेंगे मॉडल कार्यालय

जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी निबंधन कार्यालयों को मॉडल कार्यालय के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित रखरखाव, नागरिक सुविधाओं और बेहतर कार्य वातावरण पर विशेष ध्यान देने को कहा.

आवश्यक डीड और अन्य दस्तावेजों की प्रतियां कलर प्रिंटर के माध्यम से रंगीन रूप में उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया.

सोलर पावर सिस्टम लगाने का निर्देश

बैठक में सभी निबंधन कार्यालयों में सोलर पावर सिस्टम स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में कार्यालय का काम सुचारु रूप से चलता रहे, इसके लिए इनवर्टर, बैटरी और जनरेटर आदि की व्यवस्था या खरीद के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने का निर्देश

जिला पदाधिकारी ने जिला निबंधन कार्यालय के अवर निबंधक को कार्यालय भवन निर्माण से संबंधित अब तक किए गए सभी कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.

बैठक में जिला निबंधन पदाधिकारी, सभी अवर निबंधन पदाधिकारी समेत संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन