सारण में ठनका से किसान की मौत, परिजनों को सौंपा गया 4 लाख का मुआवजा
परिजनों को चेक सौंपते अधिकारी
Saran News: सारण जिले के रिविलगंज प्रखंड में आकाशीय बिजली गिरने से हुई एक किसान की मौत के बाद सरकार की ओर से उनके आश्रित को आपदा प्रबंधन विभाग की सहायता राशि प्रदान की गई.
Saran News: (छपरा से विकास कुमार की रिपोर्ट)
सारण जिले के रिविलगंज प्रखंड में आकाशीय बिजली गिरने से हुई एक किसान की मौत के बाद सरकार की ओर से उनके आश्रित को आपदा प्रबंधन विभाग की सहायता राशि प्रदान की गई. अंचल कार्यालय में चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया. सहायता राशि मिलने के दौरान परिजन भावुक हो गए और घटना की दर्दनाक यादें फिर ताजा हो गईं.
मृतक के आश्रित को मिला 4 लाख रुपये का चेक
रिविलगंज प्रखंड के मोहब्बत परसा पंचायत स्थित भादपा नया बस्ती निवासी चन्द्रमा चौधरी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी. इसके बाद सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से उनके आश्रित और पुत्र संजय चौधरी को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया. अंचल कार्यालय रिविलगंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंचल पदाधिकारी कौशल कुमार ने यह चेक सौंपा.
चेक लेते ही भावुक हो उठे परिजन
सहायता राशि का चेक प्राप्त करते समय मृतक के परिजन भावुक हो गए. परिवार के सदस्यों की आंखें नम हो गईं और उन्हें अपने प्रियजन की याद सताने लगी. इस दौरान मौजूद लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
खेत में काम करने के दौरान हुई थी दर्दनाक मौत
जानकारी के अनुसार, गत शुक्रवार की सुबह चन्द्रमा चौधरी सरयू नदी के दियारा क्षेत्र में परवल के खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. 65 वर्षीय चन्द्रमा चौधरी खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे.
घटना के बाद गांव में छा गया था मातम
किसान की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई थी. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी थी. परिवार के लिए यह हादसा किसी बड़े सदमे से कम नहीं था.मौके पर मोहब्बत परसा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नीरज मिश्रा, सरपंच बच्चा खां समेत कई लोग मौजूद रहे. वहीं पंचायत की मुखिया रेखा मिश्रा और प्रतिनिधि बुलबुल बाबा ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
Also Read: छपरा सदर अस्पताल परिसर में लग रहा भीषण जाम, अव्यवस्थित पार्किंग से हाल-बेहाल, मरीजों की बढ़ी मुश्किल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए