सारण: बनियापुर में लूटकांड के तीन आरोपित गिरफ्तार, मोबाइल-लॉकेट और बाइक बरामद
बरामद बाइक के साथ गुरफ्तार अभियुक्त | Prabhat Khabar Network
बनियापुर पुलिस ने लूटकांड के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से मोबाइल, सोने का लॉकेट, बाइक और नकद बरामद किए गए हैं. पुलिस को इनसे अहम सुराग मिले हैं.
Saran News : गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए बनियापुर पुलिस ने लूटकांड के तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से तीन मोबाइल, सोने का एक लॉकेट, एक बाइक और पांच सौ रुपये नकद बरामद किये गये हैं. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के पिरौटा निवासी टिंकू सिंह तथा गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सिपाहखास निवासी मेराज अंसारी और धोबवलिया निवासी अरबिंद सोनी के रूप में हुई है.
कई थानों में दर्ज हैं टिंकू सिंह के खिलाफ मामले
वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के अनुसार, जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत बनियापुर पुलिस ने पिछले वर्ष 21 दिसंबर को दर्ज थाना कांड संख्या 569/26 के प्राथमिकी अभियुक्त टिंकू सिंह को गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार, टिंकू सिंह के खिलाफ तरैया, बनियापुर, इसुआपुर, मढ़ौरा और गोपालगंज के बरौली थाने में लूट, रंगदारी, हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस काफी समय से उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थी.
मेराज पर भी आर्म्स एक्ट समेत मामले दर्ज
गिरफ्तार मेराज अंसारी के खिलाफ गोपालगंज जिले में आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. तीसरे गिरफ्तार आरोपित अरबिंद सोनी से भी पुलिस पूछताछ कर रही है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं. इन सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
एसटीएफ और डीआइयू की टीम भी रही शामिल
कार्रवाई के लिए गठित टीम में बनियापुर थानाध्यक्ष पिन्टू कुमार के अलावा अन्य पुलिसकर्मी, एसटीएफ और डीआइयू की टीम शामिल थी. पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए