छपरा के वार्ड 3 और 4 में पहुंचेगी पाइपलाइन वाली गैस, सिलेंडर बुकिंग से मिलेगी राहत
सीजीडी के साथ बैठक करते डीएम | Prabhat Khabar Network
सारण जिले में जल्द ही पाइपलाइन से रसोई गैस की सप्लाई शुरू हो सकती है. यह पहल उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी के इंतजार से राहत देगी. मुख्य सचिव के निर्देश के बाद इस परियोजना ने गति पकड़ी है, जिसमें पहले चरण में छपरा के वार्ड 3 और 4 को गैसीकृत किया जाएगा.
Saran News : शहर में रसोई गैस की व्यवस्था में जल्द बदलाव देखने को मिल सकता है. सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी के इंतजार से उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क के विस्तार की कवायद तेज कर दी गयी है. बिहार सरकार और इंडियनऑयल के संयुक्त प्रयास से सारण में पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर को गति देने का निर्णय लिया गया है. पहले चरण में छपरा शहर के वार्ड संख्या 3 और 4 को पूरी तरह गैसीकृत करने की योजना है.
मुख्य सचिव के निर्देश के बाद तेज हुई प्रक्रिया
14 सितंबर को बिहार के मुख्य सचिव ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की थी. इसमें पीएनजी कनेक्शनों के विस्तार की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद 17 सितंबर को इंडियनऑयल के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीडी) ने सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के साथ बैठक की.
बैठक में जिले में पीएनजी योजना के क्रियान्वयन की रणनीति पर चर्चा की गयी. जिला प्रशासन की ओर से परियोजना के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया है.
सिलेंडर की जगह पाइपलाइन से मिलेगी गैस
पीएनजी कनेक्शन मिलने के बाद उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग, भंडारण और डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस की आपूर्ति की योजना है. उपभोक्ताओं को मीटर में दर्ज वास्तविक खपत के आधार पर गैस का भुगतान करना होगा.
इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता के लिए सिलेंडर खत्म होने और उसकी डिलीवरी का इंतजार करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है.
वार्ड स्तर पर चलाया जायेगा जागरूकता अभियान
पीएनजी योजना को लेकर लोगों को जानकारी देने के लिए वार्ड स्तर पर जागरूकता शिविर और जनसभाएं आयोजित की जायेंगी. इसके अलावा सार्वजनिक उद्घोषणा और विशेष जिंगल के माध्यम से भी लोगों को पीएनजी कनेक्शन और इसके इस्तेमाल की जानकारी दी जायेगी.
150 से अधिक बोलियां मिलीं, काम शुरू
परियोजना के लिए अब तक 150 से अधिक बोलियां प्राप्त हो चुकी हैं. कई ठेकेदारों ने पीएनजी नेटवर्क विस्तार का काम भी शुरू कर दिया है. नेटवर्क बिछाने के साथ स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है.
आईटीआई के सहयोग से स्थानीय प्लंबर और सहायकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इससे पीएनजी नेटवर्क के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए