दशहरा से पहले छपरा के 13 प्रोसेशन रूट दुरुस्त नहीं हुए तो बढ़ेगी परेशानी, जर्जर सड़कों से प्रतिमा विसर्जन पर खतरा
निर्माणाधीन सड़क | Prabhat Khabar Network
छपरा में दशहरा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, लेकिन शहर के 13 प्रमुख प्रोसेशन रूट अभी भी जर्जर हालत में हैं. नमामि गंगे परियोजना के बाद सड़कों की मरम्मत अधूरी रहने से पूजा समितियों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है. इन खराब सड़कों से प्रतिमा विसर्जन और जुलूस निकालने में बड़ी परेशानी हो सकती है.
Saran News : दशहरा को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गयी हैं, लेकिन प्रतिमा भ्रमण और विसर्जन के लिए तय कई प्रमुख प्रोसेशन रूट अब भी जर्जर हैं. नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 से 18 तक कई सड़कों की स्थिति खराब है. वहीं बरहमपुर से दरोगा राय चौक होते हुए एनएच-19 और बस स्टैंड रोड तक कई जगह सड़कें बदहाल हैं. दशहरा से पहले यदि इन सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, तो पूजा समितियों और प्रशासन के सामने परेशानी बढ़ सकती है.
नमामि गंगे के बाद कई सड़कों की नहीं हुई समुचित मरम्मत
शहर में नमामि गंगे परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए कई जगह सड़कों की खुदाई की गयी थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत के नाम पर कई जगह सिर्फ खानापूर्ति की गयी. कहीं सड़क पूरी तरह नहीं बनी है, तो कहीं नाला निर्माण के बाद सड़क का काम अधूरा पड़ा है.
कई स्थानों पर सड़क की सतह उखड़ी हुई है और गड्ढों के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, ऐसी स्थिति में वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दशहरा में बढ़ेगी परेशानी, आयोजकों की बढ़ी चिंता
दशहरा में अब कुछ ही दिन शेष हैं. शहर में पूजा पंडाल तैयार होने लगे हैं और प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पूजा समितियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों की तैयारी भी चल रही है. दशहरा के बाद प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गयी हैं.
पूजा समितियों के सदस्यों का कहना है कि प्रतिमाओं को जिन रास्तों से भ्रमण कराया जाता है, उनमें कई जगह सड़कें खुदी हुई हैं या निर्माण अधूरा है. जर्जर रास्तों से बड़ी प्रतिमाओं को ले जाने में परेशानी हो सकती है. खासकर रात में जुलूस के दौरान सड़क की खराब स्थिति दुर्घटना का कारण बन सकती है.
वार्ड 9 से 18 तक प्रोसेशन रूट की स्थिति खराब
नगर निगम के निचले इलाकों वाले वार्ड संख्या 9 से 18 तक कई प्रमुख रास्तों की स्थिति खराब बतायी जा रही है. इसी तरह बरहमपुर से वार्ड संख्या एक होते हुए दरोगा राय चौक, एनएच-19 और बस स्टैंड रोड तक भी कई जगह सड़क निर्माण और मरम्मत का काम अधूरा है.
पूजा समितियों का कहना है कि दशहरा के दौरान इन रास्तों पर भीड़ काफी बढ़ जाती है. ऐसे में जर्जर सड़क और अधूरे निर्माण के कारण जुलूस के संचालन में परेशानी हो सकती है. समितियों ने प्रशासन से समय रहते सभी प्रमुख प्रोसेशन रूट को दुरुस्त कराने की मांग की है.
ये 13 प्रोसेशन रोड बदहाल
- दधीचि मंदिर दहियावा से नयी बाजार रोड.
- नयी बाजार रोड से छतधारी बाजार रोड.
- कटरा से धर्मनाथ मंदिर रोड.
- गुदरी बाजार से राजेंद्र सरोवर रोड.
- राजेंद्र कॉलेज मुख्यद्वार से काशी बाजार रोड.
- पंकज सिनेमा रोड से नगर थाना चौक रोड.
- साहिबगंज चौक से सरकारी बाजार रोड.
- नगरपालिका चौक से नगर थाना रोड.
- महमूद चौक से दरोगा राय चौक रोड.
- भगवान बाजार रोड से भरत मिलाप चौक रोड.
- दरोगा राय चौक से अस्पताल चौक रोड.
- अन्नपूर्णा मंदिर से गुदरी बाजार चौक रोड.
- बरहमपुर से दरोगा राय चौक और बस स्टैंड की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग.
दशहरा से पहले सड़क और ड्रेनेज दुरुस्त करने का अल्टीमेटम
नगर आयुक्त रंजीत कुमार ने कहा कि नगर निगम के तहत काम कर रही एजेंसियों को अल्टीमेटम दिया गया है. दशहरा से पहले सड़कों और ड्रेनेज का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया गया है. जिन एजेंसियों के स्तर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है, उन्हें भी समय पर काम पूरा करने के लिए सूचित किया जा रहा है.
क्या बोले नगर आयुक्त
"नगर निगम के तहत जो भी एजेंसी काम कर रही है, उसे अल्टीमेटम दिया गया है. दशहरा के पहले सड़कों और ड्रेनेज का निर्माण पूरा करना होगा. बाकी जिन एजेंसियों के स्तर से निर्माण कार्य चल रहा है, उन्हें भी सूचित किया जा रहा है."
रंजीत कुमार, नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए