सारण: नगरा में महावीरी जुलूस को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे और धारदार हथियारों पर रहेगी रोक
फोटो | Prabhat Khabar Network
सारण के नगरा में महावीरी जुलूस को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए. डीजे, अश्लील गानों और धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.
Saran News : नगरा महावीरी जुलूस एवं अखाड़ा को लेकर रविवार को नगरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव, बीडीओ अनुभव कुमार और सीओ अजय राठौर की मौजूदगी में बैठक हुई. अधिकारियों ने जुलूस को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर अखाड़ा संचालकों और समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
प्रत्येक अखाड़े में 20 वोलेंटियर रखना होगा
अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक अखाड़े में कम से कम 20 वोलेंटियर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाये. ये वोलेंटियर जुलूस के दौरान व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करेंगे. जुलूस में किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि पर पूरी तरह रोक रहेगी.
डीजे बजाने, अश्लील गाने और धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा. किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले या आपत्तिजनक गाने बजाने की अनुमति नहीं होगी.
बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी रहेगी रोक
प्रशासन ने जुलूस में बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी बाहरी व्यक्ति की वजह से जुलूस के दौरान अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
सभी महावीरी जुलूस निर्धारित समय सीमा के अंदर शाम छह बजे तक समाप्त करने का निर्देश दिया गया है.
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
महावीरी जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा. पूरे जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरे के साथ विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से की जायेगी. असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी.
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि गलत गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनसे दूरी बनायें और किसी भी स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें.
लाइसेंस के लिए 30 आधार कार्ड जरूरी
बैठक में बताया गया कि महावीरी जुलूस के लाइसेंस के लिए कम से कम 30 आधार कार्ड की आवश्यकता होगी. अधिकारियों ने लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने तथा प्रशासन को व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करने की अपील की.
बैठक में मुखिया प्रतिनिधि संजय कुमार मिश्रा, तम्मना आलम, संजीत राय, रवि प्रकाश, मो. रियाजुद्दीन, मिथलेश राय, अरुण ब्याहुत, सकलदीप सिंह, चित्तरंजन सिंह, इरशाद कुरैशी, जगलाल यादव सहित अन्य गणमान्य लोग और समिति के सदस्य मौजूद थे.


आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए