सारण में निर्माणाधीन मकान में चल रही थी अवैध हथियार फैक्ट्री, पुलिस ने दो पिस्टल और चार मैगजीन बरामद की

Updated:
विज्ञापन
गढ़खा में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो पिस्टल व चार मैगजीन के साथ एक गिरफ्तार

बिहार के गढ़खा में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में दो पिस्टल, चार मैगजीन और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। एक आरोपी गिरफ्तार।

विज्ञापन

गड़खा थाना पुलिस ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए साधपुर गांव में संचालित कथित मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो देसी पिस्टल, चार मैगजीन और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं. इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है.

निर्माणाधीन मकान में बन रहे थे अवैध हथियार

पुलिस के अनुसार साधपुर गांव निवासी अजय कुमार राय उर्फ धर्मेंद्र राय के निर्माणाधीन मकान में अवैध हथियार बनाने और बेचने का काम किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया.

तलाशी में मिले पिस्टल, मैगजीन और उपकरण

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान से दो देसी पिस्टल, चार मैगजीन समेत हथियार निर्माण में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न उपकरण और सामग्री बरामद की. पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया है.

हथियार बनाते एक व्यक्ति गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से परसा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी विकास कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति कथित रूप से अवैध हथियार तैयार कर रहा था. उससे पूछताछ कर हथियारों के इस्तेमाल और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि बरामद हथियार और उपकरणों को जब्त कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि अवैध हथियार कारोबार के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन