50 लाख का नोटिस आया तो टावर पर चढ़ गया युवक, पांच घंटे तक चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा
युवक को उतारने की कोशिश में जुटे लोग
50 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन के नोटिस ने एक युवक को इस कदर परेशान कर दिया कि वह पावर हाउस के टावर पर चढ़ गया. करीब पांच घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही. यह मामला ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़ा है.
Youth climbed tower: छपरा के तेलपा स्थित पावर हाउस परिसर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बैंक खाते से करीब 50 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े नोटिस से परेशान एक युवक टावर पर चढ़ गया. सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. करीब पांच घंटे की मशक्कत और समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के तेलपा निवासी भोला चौधरी के रूप में हुई है.
आपके शहर में
बैंक खाते से 50 लाख के संदिग्ध लेनदेन का नोटिस
पुलिस के अनुसार, साइबर थाने की ओर से मिले नोटिस में युवक के बैंक खाते से करीब 50 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन का उल्लेख किया गया था. नोटिस मिलने के बाद युवक काफी परेशान था. मंगलवार को वह तेलपा पावर हाउस परिसर स्थित टावर पर पहुंच गया और मामले में खुद को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग करने लगा.
View on Instagram
ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर अकाउंट खुलवाने का आरोप
भोला चौधरी ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन गेमिंग और कमाई का लालच देकर रोहित कुमार चौधरी और शीतलपुर निवासी मुकेश साहनी ने उसका करंट अकाउंट खुलवाया था. युवक के मुताबिक, अकाउंट खुलने के बाद उसकी पासबुक, बैंक डिटेल और रजिस्टर्ड सिम दूसरे लोगों ने अपने पास रख लिए.
भोला का दावा है कि करीब 10 दिन बाद उसे महज छह हजार रुपये दिए गए. इसके बाद भी उसके बैंक खाते का इस्तेमाल उसकी जानकारी और नियंत्रण के बिना किया जाता रहा.
इसे भी पढ़ें:सीवान में एक किशोर गहरे पानी में डूबा, तीन साथी छोड़कर भागे, अब पुलिस तलाश रही राज
डेढ़ साल बाद मिला 50 लाख रुपये का नोटिस
युवक के अनुसार, बैंक अकाउंट खुलवाए जाने के करीब डेढ़ साल बाद उसके पास साइबर फ्रॉड से जुड़े 50 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन का नोटिस पहुंचा. नोटिस मिलने के बाद उसे खाते से हुए बड़े लेनदेन की जानकारी हुई. इसके बाद वह काफी परेशान हो गया.
मंगलवार को वह पावर हाउस परिसर स्थित टावर पर चढ़ गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने लगातार उससे बातचीत की और जांच में सहयोग का भरोसा दिलाया. करीब पांच घंटे बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया.
बैंक ट्रांजैक्शन की जांच में जुटी साइबर सेल
घटना के बाद पुलिस और साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बैंक खाते से हुए लेनदेन और साइबर थाने के नोटिस में दर्ज तथ्यों की जांच की जा रही है. युवक ने जिन लोगों पर खाते का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है, उनकी भूमिका भी पुलिस जांच के दायरे में है.
पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि खाते से हुए करीब 50 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन में वास्तविक भूमिका किसकी थी. फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
लोगों से बैंक डिटेल साझा नहीं करने की अपील
भोला चौधरी ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन कमाई या गेमिंग के नाम पर किसी के झांसे में आकर अपना बैंक अकाउंट, सिम कार्ड, पासबुक या निजी दस्तावेज किसी दूसरे व्यक्ति को न दें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना दें.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए