सारण के खैरा की सड़क पर जलजमाव की समस्या पहुंची मंत्री तक, पक्का नाला निर्माण का मिला आश्वासन
Saran Waterlogging Problem: नगरा प्रखंड के खैरा मुख्य बाजार में जलजमाव की समस्या से परेशान लोगों ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री से मुलाकात की. मंत्री ने समस्या के समाधान और पक्के नाला निर्माण का आश्वासन दिया है. इससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
Saran Waterlogging Problem: नगरा प्रखंड क्षेत्र के खैरा मुख्य बाजार से मुसेहरी छपरा-मढ़ौरा मुख्य पथ पर जलजमाव की समस्या के समाधान की मांग को लेकर भाजपा बिहार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शत्रुघ्न भक्त मालाकार ने बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र से मुलाकात की. उन्होंने क्षेत्र में जल निकासी की समस्या से मंत्री को अवगत कराया और संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई कराने के लिए आवेदन सौंपा.
आपके शहर में
कई जगह नाला अधूरा, बारिश में सड़क पर जमा होता है पानी
शत्रुघ्न भक्त मालाकार ने बताया कि मुख्य पथ के कई स्थानों पर नाला अर्धनिर्मित है. वहीं कई जगह नाला नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में पानी की निकासी नहीं हो पाती है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहता है.
उन्होंने बताया कि जलजमाव से आम लोगों के साथ दुकानदारों, विद्यार्थियों, मरीजों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है. बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है.
पक्का नाला निर्माण और अधूरे नाले को पूरा कराने की मांग
शत्रुघ्न भक्त मालाकार ने मंत्री से खैरा मुख्य बाजार से मुसहरी गांव की सीमा तक सड़क के किनारे जरूरत के अनुसार पक्का नाला निर्माण कराने की मांग की. इसके साथ ही जहां नाला निर्माण अधूरा है, वहां उसे पूरा कराने का भी आग्रह किया.
उनका कहना है कि सड़क के किनारे जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होने से बारिश के पानी को आसानी से निकाला जा सकेगा और जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी.
मंत्री ने कार्यपालक अभियंता को दिया कार्रवाई का निर्देश
मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पथ निर्माण विभाग, सोनपुर-सारण के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. मंत्री ने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन भी दिया.
जलजमाव से आसपास के ग्रामीणों को मिलेगी राहत
शत्रुघ्न भक्त मालाकार ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान और विकास उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि विभागीय स्तर पर शीघ्र कार्रवाई होने से खैरा मुख्य बाजार सहित आसपास के ग्रामीणों को जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी.
मुख्य सड़क पर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त होने से स्थानीय दुकानदारों, स्कूली विद्यार्थियों, मरीजों और राहगीरों को भी आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए