छपरा में फिर महाजाम, 5 मिनट की दूरी तय करने में लगे 55 मिनट, डबल डेकर के वाहनों ने बढ़ाई परेशानी
श्री नंदन पथ में लगा जाम
Chapra Traffic Jam: छपरा शहर के श्री नंदन पथ पर लगातार दूसरे दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रही. डबल डेकर निर्माण कार्य से जुड़े भारी वाहनों के प्रवेश और अतिक्रमण के कारण 5 मिनट की दूरी तय करने में लोगों को 55 मिनट तक लग गए. वैकल्पिक रास्ते पर जलजमाव ने समस्या और बढ़ाई.
Chapra Traffic Jam: छपरा शहर के श्री नंदन पथ में लगातार दूसरे दिन भी महाजाम की स्थिति बनी रही. नगर पालिका चौक से राजेंद्र सरोवर तक की दूरी सामान्य दिनों में करीब पांच से सात मिनट में पूरी हो जाती है, लेकिन मंगलवार को लोगों को यही दूरी तय करने में 45 से 55 मिनट तक लग गए. सोमवार को भी इस रूट पर दिनभर लोग जाम से परेशान रहे थे. मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे से ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गयी.
आपके शहर में
डबल डेकर निर्माण के वाहनों से और बिगड़े हालात
मंगलवार को करीब 11:30 बजे श्री नंदन पथ में डबल डेकर निर्माण कार्य में लगा एक हाइवा और जेसीबी प्रवेश कर गया. पहले से ही अतिक्रमण के कारण सड़क का दायरा कम है. इस रूट पर वाहनों की पार्किंग के लिए कोई स्थायी स्टैंड भी नहीं है. ऐसे में लोग सड़क के आधे हिस्से पर दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े कर चले जाते हैं.
सड़क पहले से संकरी होने और निर्माण कार्य से जुड़े भारी वाहनों के प्रवेश के बाद रास्ता और अधिक बाधित हो गया. इसी कारण श्री नंदन पथ पर लगातार जाम की स्थिति बन रही है.
सड़क पर दिनभर लगी रही वाहनों की कतार
मंगलवार को जाम का असर इतना रहा कि पैदल चलने वाले लोगों को भी सड़क पार करने में परेशानी हुई. ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी थी, लेकिन सड़क के दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतार के कारण उन्हें भी जाम हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
दोपहर के समय कई स्कूल वैन भी जाम में फंसी दिखीं. नगर पालिका चौक से श्री नंदन पथ होते हुए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
वैकल्पिक रास्ते पर जलजमाव ने बढ़ाई परेशानी
जाम से बचने के लिए कई लोग ज्योति सिनेमा हॉल से सटे वैकल्पिक रास्ते से होकर जाने का प्रयास करते दिखे. लेकिन इस रास्ते पर भारी जलजमाव होने के कारण लोगों को वहां से गुजरने में भी परेशानी हुई. ऐसे में मुख्य सड़क पर जाम से बचने का विकल्प भी लोगों के लिए राहत नहीं दे सका.
दवा मंडी के पास सबसे ज्यादा परेशानी
श्री नंदन पथ पर जिले की सबसे बड़ी दवा मंडी भी स्थित है. यहां 200 से अधिक थोक और खुदरा दवा दुकानें हैं. ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में दवा दुकानदार यहां खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. इस कारण पूरे दिन दवा मंडी के आसपास लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है.
स्थायी पार्किंग स्टैंड नहीं होने के कारण लोग सड़क के दोनों ओर बेतरतीब तरीके से बाइक और चारपहिया वाहन खड़े कर देते हैं. इससे दवा मंडी के पास अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है.
कई बार उठी पार्किंग की मांग, अब तक समाधान नहीं
दवा व्यवसायियों का कहना है कि श्री नंदन पथ पर पार्किंग की व्यवस्था कराने के लिए कई बार नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की गयी है. इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है. स्थानीय लोगों और व्यवसायियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने, पार्किंग की व्यवस्था करने और निर्माण कार्य के भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने से जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.
इसे भी पढ़ें:सीवान में एक किशोर गहरे पानी में डूबा, तीन साथी छोड़कर भागे, अब पुलिस तलाश रही राज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए