छपरा जंक्शन का DRM ने किया निरीक्षण, मानसून से पहले जलनिकासी और यात्री सुविधाओं की जांच
छपरा जंक्शन का निरीक्षण करते मंडल रेल प्रबंधक.
Saran News: मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्मों, वॉटर बूथों, पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी) तथा स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया.
सारण से विकास कुमार की रिपोर्ट
Saran News: मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी, आशीष जैन ने मण्डलीय अधिकारियों के साथ मानसून प्रारंभ होने से पूर्व मंगलवार को छपरा जंक्शन का व्यापक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर जल निकासी व्यवस्था, साफ-सफाई तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्मों, वॉटर बूथों, पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी) तथा स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया. उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए स्थल का जायजा लिया
इसके साथ ही श्री जैन ने छपरा जंक्शन के दीर्घकालिक विकास एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने स्टेशन को आधुनिक एवं उच्च गुणवत्ता वाली आधारभूत संरचनाओं से सुसज्जित करने के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन, लक्ष्य निर्धारण तथा कार्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया.
फूड स्टॉलों एवं वॉटर बूथों का निरीक्षण किया
मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर परिचालन व्यवस्था, सुरक्षा एवं संरक्षा प्रबंधन का भी निरीक्षण किया. उन्होंने यात्रियों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन परिसर स्थित फूड स्टॉलों एवं वॉटर बूथों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
मानसून को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन परिसर के नाले-नालियों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने तथा जलनिकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिनव पाठक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सौरभ राठौर, मंडल परिचालन प्रबंधक रमेश पांडेय, सहायक मंडल नगर इंजीनियर ए.के. पांडेय, सहायक मंडल इंजीनियर अरविंद कुमार राय, स्टेशन निदेशक राजेश प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित थे.
Also Read : सारण के परसा में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










