सारण : हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा परसा, पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़

Updated:
विज्ञापन
परसा में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ी भाड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network

परसा में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

Saran Sawan First Somwari : सावन की पहली सोमवारी पर परसा के शिवालयों में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय हो गया।

विज्ञापन

Saran Sawan First Somwari : सावन माह की पहली सोमवारी पर परसा प्रखंड और नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु पूजा सामग्री और गंगाजल लेकर मंदिरों में पहुंचे. पूरा क्षेत्र 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से भक्तिमय हो उठा.

मिर्जापुर शिव मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा

मिर्जापुर शिव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई. लाल और पीले वस्त्र धारण किए श्रद्धालु हाथों में कलश लेकर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल हुए. जयघोष करते हुए श्रद्धालु शिवालय पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया.

101 फीट ऊंचे शिव मंदिर में लगी लंबी कतार

परसा बाजार स्थित 101 फीट ऊंचे शिव मंदिर में भी जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं. महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की.

सुरक्षा व्यवस्था रही पूरी तरह चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. सारण एसएसपी विनीत कुमार के निर्देश पर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के नेतृत्व में सभी प्रमुख शिव मंदिरों पर पुलिस बल की तैनाती की गई. इसके साथ ही क्षेत्र में लगातार बाइक और पुलिस वाहनों से गश्त की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

इस अवसर पर पप्पू कुमार, रौशन कुमार, आरती कुमारी, प्रीति कुमारी, सुगिया देवी, सुनील कुमार, उमेश पर्वत, मुन्ना कुमार सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. पूरे दिन मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान और शिव आराधना का क्रम चलता रहा.

पूरे क्षेत्र में दिखा शिवभक्ति का उत्साह

सावन की पहली सोमवारी पर परसा क्षेत्र पूरी तरह शिवमय वातावरण में डूबा नजर आया. मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़, कलश यात्रा और भगवान शिव के जयघोष ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया.

Also Read : सारण में पहली बार दर्द-रहित नॉर्मल डिलीवरी, जानिए कैसे बिना ज्यादा दर्द के हुआ सुरक्षित प्रसव


विज्ञापन
मोहम्मद युसूफ

लेखक के बारे में

By मोहम्मद युसूफ

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन