सभी पीजी विभागों में सेकेंड सेमेस्टर के वर्ग संचालन का शेड्यूल जारी

Published by :ALOK KUMAR
Published at :06 Mar 2026 9:37 PM (IST)
विज्ञापन
सभी पीजी विभागों में सेकेंड सेमेस्टर के वर्ग संचालन का शेड्यूल जारी

पीजी सेकंड सेमेस्टर सत्र 2024-26 के वर्ग संचालन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है.

विज्ञापन

छपरा. पीजी सेकंड सेमेस्टर सत्र 2024-26 के वर्ग संचालन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. छपरा, सीवान व गोपालगंज में संचालित सभी पीजी कॉलेजों तथा विश्वविद्यालय के अंतर्गत चलने वाले 17 पीजी विभागों में शुक्रवार से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कक्षाएं प्रारंभ हो गयीं. चुकी फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा 26 फरवरी को समाप्त हुई थी. जिसके दो दिन बाद ही विश्वविद्यालय में होली का अवकाश घोषित कर दिया गया. हालांकि होली के अवकाश के पूर्व ही छात्र कल्याण विभाग द्वारा सभी पीजी विभागों को वर्ग संचालन का शेड्यूल तैयार कर लेने का निर्देश दिया गया था.

कई कॉलेजों ने 26 फरवरी को फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न होने के उपरांत ही सेकेंड सेमेस्टर के वर्ग संचालन का शेड्यूल तैयार कर नोटिस बोर्ड पर भी प्रकाशित किया था. वहीं जिन कॉलेजों में वर्ग संचालन का शेड्यूल तैयार नहीं किया गया था. वहां होली का अवकाश समाप्त होने के उपरांत विश्वविद्यालय खुलते ही शेड्यूल जारी कर दिया गया है. शहर के राजेंद्र कॉलेज, जगदम कॉलेज, राम जयपाल कॉलेज, नंदलाल सिंह कॉलेज दाउदपुर आदि में शुक्रवार से कक्षाएं प्रारंभ भी हो गयीं. वहीं विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित होने वाले पीजी के सभी 17 विभागों में भी वर्ग संचालित हो रहा है.

विश्वविद्यालय स्तर पर होगी उपस्थिति मॉनीटरिंग

कुलपति प्रो परमेन्द्र कुमार बाजपेई ने गत दिनों विश्वविद्यालय के पीजी विभागों का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के क्रम में यह बात सामने आयी थी कि कई विभागों में छात्र-छात्राओं को उपस्थिति काफी निराशाजनक है. ऐसे में सभी विभागाध्यक्षों को यह निर्देश दिया गया था कि कक्षाओं में उपस्थित बढ़ायी जाये. वहीं छात्रों से भी अपील की गयी है कि वह नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित हों. विश्वविद्यालय द्वारा अब नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित की मॉनीटरिंग की जायेगी. कुलपति के निर्देश पर इसके लिए एक टीम भी गठित की गयी है. यह टीम समय-समय पर पीजी विभाग में जाकर वहां उपस्थित की जानकारी लेगी. परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गयी है. हाल ही में फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान भी कई छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम थी. ऐसे में विभाग स्तर पर परीक्षा का शेड्यूल जारी होने के उपरांत विशेष कक्षाओं का संचालन कर उपस्थित पूरी करायी गयी.

पीजी में 17 विषयों की होती है पढ़ाई

जेपीयू के अंतर्गत पीजी में भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, जूलॉजी, बॉटनी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, वाणिज्य व गृह विज्ञान विभाग विषय की पढ़ाई होती है. इन सभी विषयों में नामांकित छात्र-छात्राओं के सेकेंड सेमेस्टर की कक्षाओं का शेड्यूल जारी किया गया है. पीजी का यह सत्र विलंब से चल रहा है. ऐसे में सत्र को नियमित करने के उद्देश्य से फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न होने के ठीक बाद सेकेंड सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू हो गयी हैं. परीक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मार्च के अंतिम सप्ताह तक फर्स्ट सेमेस्टर का परिणाम भी जारी कर दिया जायेगा. इसके बाद सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा के आयोजन तैयारी की तैयारी भी शुरू होगी.

विज्ञापन
ALOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन