छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच पर भीषण हादसा, 18 चक्का हाइवा ने टोटो को रौंदा; ससुर-पतोह की मौत, चार घायल
घटना से जुड़ी तस्वीर
छपरा-मुजफ्फरपुर NH-722 पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार 18 चक्का हाइवा ने सामने से आ रहे टोटो को कुचल दिया, जिसमें ससुर और पतोह की दर्दनाक मौत हो गई. चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
Heavy Vehicle Collision: छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के समीप रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का हाइवा ने सामने से टोटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में टोटो सवार ससुर और पतोह की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि टोटो चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी.
आपके शहर में
स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मकेर में भर्ती कराया. हादसे में टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
इलाज कराने परिवार के साथ गयी थी पतोह
मिली जानकारी के अनुसार, अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज निवासी फारूक मियां उपचार कराने के लिए अपनी पतोह और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गड़खा गये थे. इलाज कराने के बाद सभी टोटो से वापस अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान टोल प्लाजा के समीप मकेर की ओर से छपरा की तरफ जा रहे अनियंत्रित 18 चक्का हाइवा ने सामने से टोटो को रौंद दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
ससुर-पतोह की मौके पर मौत
हादसे में अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज निवासी फारूक मियां और उनकी पतोह, इब्राहिम मियां की पत्नी शहीदा खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.
घायलों में इब्राहिम मियां की पुत्री शाना प्रवीण, पुत्र इरशाद, इलियास अंसारी के पुत्र दिलशाद अंसारी और आलमगीर अंसारी के पुत्र जुनैद अंसारी शामिल हैं. सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकेर में कराया जा रहा है.
बिजली के खंभे को भी हाइवा ने मारी टक्कर
हादसे के दौरान अनियंत्रित हाइवा ने बिजली के 11 हजार वोल्ट के लोहे के खंभे को भी ध्वस्त कर दिया. इससे मौके पर स्थिति और गंभीर हो गयी. घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
सूचना मिलने पर भेल्दी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने सड़क पर लगे जाम को हटाने का प्रयास किया, लेकिन मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित थे.
आक्रोशित परिजन जाम हटाने को तैयार नहीं
आक्रोश बढ़ता देख मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाने और सड़क से जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन तत्काल जाम हटाने के लिए तैयार नहीं हुए.
हादसे के बाद छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों ट्रक जाम में फंसे रहे. पुलिस लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटी रही.
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार से जुड़े दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस हाइवा चालक की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए