छपरा जंक्शन पर बीपी मंडल की जयंती मनायी गयी, वक्ताओं ने सामाजिक न्याय में योगदान को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते वक्ता
मंडल आयोग के प्रणेता बीपी मंडल की जयंती छपरा में मनाई गई. इस अवसर पर वक्ताओं ने सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए उनके अमूल्य योगदान को याद किया. कार्यक्रम में मंडल आयोग की 27% आरक्षण की सिफारिशों और उसके प्रभाव पर भी प्रकाश डाला गया.
BP Mandal Jayanti: मंडल आयोग के प्रणेता बीपी मंडल की जयंती छपरा जंक्शन स्थित अति पिछड़ा प्रकोष्ठ रेलकर्मी कार्यालय सभागार में धूमधाम से मनायी गयी. कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बीपी मंडल के सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए किये गये कार्यों को याद किया.
आपके शहर में
वक्ताओं ने कहा कि बीपी मंडल ने पिछड़े वर्ग के लोगों के हक और अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया और उनकी आवाज को मजबूती से उठाया. उनके प्रयासों का देश की सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था पर व्यापक प्रभाव पड़ा.
मंडल आयोग के अध्यक्ष बने थे बीपी मंडल
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1979 में तत्कालीन मोरारजी देसाई सरकार ने द्वितीय पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया था. बीपी मंडल को इस आयोग का अध्यक्ष बनाया गया. उनकी अध्यक्षता में आयोग ने वर्ष 1980 में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की.
रिपोर्ट में देश की आबादी में अन्य पिछड़ा वर्ग की हिस्सेदारी करीब 52 प्रतिशत आंकी गयी थी. आयोग ने सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की ऐतिहासिक सिफारिश की थी.
1990 में लागू हुई मंडल आयोग की सिफारिशें
वक्ताओं ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों के करीब एक दशक बाद 7 अगस्त 1990 को तत्कालीन प्रधानमंत्री वीपी सिंह की सरकार ने इन सिफारिशों को लागू करने की घोषणा की. इसके बाद आरक्षण, सामाजिक प्रतिनिधित्व और पिछड़े वर्गों के अधिकारों को लेकर देशभर में व्यापक बहस हुई.
वक्ताओं ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों के लागू होने से भारतीय राजनीति और सामाजिक व्यवस्था पर भी व्यापक प्रभाव पड़ा. इसी कारण बीपी मंडल को सामाजिक न्याय की राजनीति के महत्वपूर्ण चेहरों में गिना जाता है.
OBC के विकास पर रखे विचार
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के विकास, अधिकार और सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर अपने विचार रखे. उन्होंने बीपी मंडल के विचारों और उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर समाज के विकास के लिए काम करने का आह्वान किया.
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष प्रशांत कुमार यादव, शाखा मंत्री रविशंकर सिंह, अमिताभ गौतम, सुरेंद्र कुमार महंतों, अनिल कुमार, अजय कुमार यादव, नवनीत कुमार, राकेश कुमार साह, श्वेता यादव, राजीव कुमार, निर्भय सागर, धीरेंद्र यादव, उमेश कुमार राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: TRE-4 की पीटी में बदल सकता है सिलेबस, बिहार से होंगे 30% प्रश्न, शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा पत्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए