छपरा में अतिक्रमण पर नगर निगम की सख्ती, 250 स्थायी-अस्थायी निर्माण हटाये; 60 दुकानदारों पर लगेगा जुर्माना
साहेबगंज सरकारी बाजार से अतिक्रमण हटाते नगर निगम कर्मी | Prabhat Khabar Network
छपरा में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. शहर के मुख्य मार्गों से 250 स्थायी और अस्थायी निर्माण हटाए गए हैं. 60 दुकानदारों पर जल्द जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Saran News : अतिक्रमण हटाओ अभियान के चौथे दिन सोमवार को नगर प्रशासन ने थाना चौक से साहेबगंज होते हुए मौना चौक रोड तक सख्त कार्रवाई की. सड़क और नाले पर किये गये अतिक्रमण को हटाने के साथ ही कई दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया. कार्रवाई की जद में छोटी-बड़ी दुकानों के अलावा रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, मॉल, मार्ट और सड़क व नाले पर अतिक्रमण करने वाले मकान मालिक भी आये. नगर निगम के अनुसार अभियान के दौरान करीब 250 स्थायी और अस्थायी निर्माण हटाये गये.
सड़क और नाले पर कब्जा करने वालों पर हुई कार्रवाई
थाना चौक से साहेबगंज होते हुए मौना चौक तक नगर प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया. सड़क पर दुकान लगाने, नाले पर निर्माण करने और नाले की जमीन घेरने वालों पर कार्रवाई की गयी. कई मकान मालिकों द्वारा नगर निगम के नाले पर किये गये अतिक्रमण को भी हटाया गया. अधिकारियों के अनुसार सोमवार को करीब 250 स्थायी और अस्थायी निर्माण हटाये गये.
ठेला, चूल्हा और काउंटर रखने वाले 60 दुकानदार चिन्हित
अभियान के दौरान ऐसे कई दुकानदार और व्यवसायी भी चिन्हित किये गये, जिनका जनरेटर, ठेला, चूल्हा, काउंटर सहित अन्य सामान सड़क या नगर निगम के नाले पर रखा हुआ था. सिटी मैनेजर वेद प्रकाश वर्णवाल ने बताया कि ऐसे 60 दुकानदारों को चिन्हित किया गया है. इनके खिलाफ जल्द नोटिस जारी कर नगर निगम अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी. जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी होगी. यदि जुर्माना जमा नहीं किया गया, तो दुकान सील करने की कार्रवाई की जा सकती है.
चार दिवसीय अभियान का पहला चरण पूरा
10 सितंबर से शुरू हुआ चार दिवसीय अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार को पूरा हो गया. पहले चरण में अलग-अलग दिनों में शहर के प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की गयी. एसडीएम नीतीश कुमार ने बताया कि अगले चरण के अभियान का शेड्यूल जल्द जारी किया जायेगा. दशहरा से पहले शहर की सभी मुख्य सड़कों और बाजारों से अतिक्रमण हटाने की तैयारी है.
मापी के बाद नोटिस और अनाउंसमेंट, फिर होगी कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कई दुकानदार नक्शा, नोटिस और अनाउंसमेंट की मांग कर रहे हैं. नगर निगम की ओर से कहा गया है कि कानून के सभी प्रावधानों का पालन करते हुए कार्रवाई की जायेगी. जानकारी के अनुसार सड़कों की मापी 1898 के नक्शे के आधार पर करायी जायेगी. इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस दिया जायेगा और लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कराया जायेगा. प्रक्रिया पूरी होने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जायेगी.
10 से 14 सितंबर तक इन इलाकों में चला अभियान
10 सितंबर को नगरपालिका चौक से बाना चौक तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाया गया. 11 सितंबर को थाना चौक से महम्मूद चौक तक अभियान चला. 12 सितंबर को थाना चौक से पंकज सिनेमा रोड होते हुए महम्मूद चौक तक कार्रवाई की गयी. वहीं 14 सितंबर को थाना चौक से साहेबगंज होते हुए मौना चौक तक अतिक्रमण हटाया गया.
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाया जाता है, लेकिन कार्रवाई खत्म होने के बाद कई जगहों पर दोबारा वही स्थिति बन जाती है. लोगों ने स्थायी समाधान के लिए नियमित निगरानी की मांग की है.
क्या कहते हैं अधिकारी
जिलाधिकारी और एसडीएम के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है. तैयार शेड्यूल के अनुसार प्रतिदिन अभियान चलाया जायेगा. दुकानदारों से अपील है कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने में सहयोग करें और सड़क या नाले पर अतिक्रमण नहीं करें. अतिक्रमण करते पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जायेगा.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए