छपरा में मौसम बदलते ही बढ़े वायरल मरीज, OPD में रोज 100 से अधिक पहुंच रहे पीड़ित; डेंगू का भी डर
नोट: फोटो नंबर 9 सीएचपी 6 है कैप्सन होगा-ओपीडी में मरीजों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
छपरा सदर अस्पताल में मौसम के बदलाव से वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी। 10 दिनों में 800 से अधिक मरीज पहुंचे, डेंगू को लेकर भी बढ़ी सतर्कता।
Saran OPD Update : मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है. छपरा सदर अस्पताल के ओपीडी में वायरल से पीड़ित मरीजों की संख्या में पिछले एक सप्ताह में 30 से 40 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है. एक सप्ताह पहले जहां प्रतिदिन 70 से 80 मरीज वायरल संक्रमण के इलाज के लिए पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 100 मरीज प्रतिदिन हो गयी है. अस्पताल में आने वाले कई मरीजों में बुखार, सर्दी और खांसी की शिकायत सामने आ रही है.
ओपीडी में रोज 100 से अधिक वायरल पीड़ित पहुंच रहे
सदर अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 10 दिनों में करीब 800 मरीज वायरल से पीड़ित होकर इलाज के लिए पहुंचे हैं. इनमें 30 से 40 फीसदी मरीज बच्चे हैं. मौसम में बदलाव का असर बुजुर्गों पर भी देखने को मिल रहा है. 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में ब्लड प्रेशर बढ़ने के साथ शुगर और थायराइड बढ़ने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं.
बुधवार को 564 मरीजों ने कराया रजिस्ट्रेशन
बुधवार को दोपहर 1:30 बजे तक सदर अस्पताल के ओपीडी में 564 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इनमें करीब 60 फीसदी मरीज वायरल की समस्या से पीड़ित बताये गये. अस्पताल के अलावा आसपास के निजी क्लीनिकों में भी मरीजों की भीड़ बढ़ गयी है. सुबह से ही निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं.
बारिश और धूप के बीच बदल रहा मौसम
पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. दिन का तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रह रहा है, जबकि शाम में तापमान करीब 28 डिग्री रिकॉर्ड किया जा रहा है. पिछले चार-पांच दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. इसके बाद दिन में तेज धूप निकल रही है. कई बार अचानक घने बादल छा जाते हैं और ठंडी हवाएं चलने लगती हैं. कुछ देर बाद ही बादल छंटने से तेज धूप निकल आती है. मौसम के इस बदलाव से लोगों को परेशानी हो रही है और वे बीमार पड़ रहे हैं.
दो दिन से ज्यादा बुखार पर डेंगू का डर
वायरल से पीड़ित जिन मरीजों को दो से तीन दिनों तक लगातार बुखार रह रहा है, उनमें डेंगू को लेकर भी चिंता देखी जा रही है. सदर अस्पताल के जांच घर में प्रतिदिन करीब 30 मरीजों के ब्लड सैंपल जांच के लिए लिये जा रहे हैं. जिन मरीजों में डेंगू के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, चिकित्सक उन्हें तत्काल जांच कराने की सलाह दे रहे हैं. कुछ निजी अस्पतालों से भी मरीजों को जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है.
चिकित्सक ने सावधानी बरतने की दी सलाह
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. केएम दुबे ने बताया कि इस समय मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है और बरसात का मौसम भी है. ऐसे में लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इस मौसम में डेंगू का खतरा भी बढ़ सकता है, इसलिए घरों में साफ-सफाई रखना जरूरी है. डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करना चाहिए.
बच्चों का रखें विशेष ख्याल, ठंडे पेय से करें परहेज
डॉ. दुबे ने लोगों को छोटे बच्चों का विशेष ख्याल रखने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि इस दौरान ठंडे पानी और कोल्ड ड्रिंक से परहेज करना चाहिए. यदि किसी व्यक्ति को दो दिन से अधिक समय तक बुखार रहता है, तो बिना देरी किये चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए