saran news : ऑर्केस्ट्रा से मुक्त करायी गयीं 19 नाबालिग लड़कियां
Published by : SHAILESH KUMAR Updated At : 12 May 2026 10:02 PM
saran news : बिहार के आलावा पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ व यूपी की हैं मुक्त हुईं लड़कियां
saran news : छपरा. सारण पुलिस ने मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी कर 19 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है. यह कार्रवाई सोमवार की सुबह एसएसपी विनीत कुमार के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और महिला थाना की संयुक्त टीम द्वारा की गयी. अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गयी थी. इस टीम में एएचटीयू प्रभारी विशाल आनंद, महिला थानाध्यक्ष नेहा कुमारी के साथ मिशन मुक्ति फाउंडेशन और रेस्क्यू फाउंडेशन, दिल्ली के सदस्य भी शामिल थे. टीम ने परसा, भेल्दी, मढ़ौरा और दरियापुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान जबरन नृत्य कराने के मामले में 19 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया. इनमें उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, कोलकाता और गुवाहाटी की लड़कियां शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न स्थानों से लाकर काम कराने को मजबूर किया जा रहा था. इस मामले में महिला थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बंधुआ मजदूर अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने चार आरोपितों शैलेश राय, पंच लाल, आलोक कुमार और नामता डेकर को गिरफ्तार किया है. एसएसपी ने बताया कि मई 2023 से चल रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 366 लड़कियों को मुक्त कराया जा चुका है, जबकि 49 मामलों में 123 आरोपितों की गिरफ्तारी की गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










