महिला समेत परिवार के 3 लोगों से मारपीट, घर में घुसकर सोने की दुर्गाजी और नकदी छीनने का आरोप
विभूतिपुर थाना
समस्तीपुर के विभूतिपुर में रास्ता रोककर एक महिला और उसके परिवार के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की गई. आरोप है कि अपराधियों ने घर में घुसकर सोने की दुर्गाजी, नकदी और साड़ी भी छीन ली. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
समस्तीपुर: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट वार्ड 9 में फूल कुमारी देवी और उनके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़िता ने गांव के ही कुछ लोगों पर रास्ता रोककर गालीगलौज, मारपीट, घर में जबरन घुसने और सामान छीनने का आरोप लगाया है. इस संबंध में स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
रास्ता रोककर महिला से मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार, वह गांव के रास्ते से जा रही थी. इसी दौरान आरोपितों ने उसका रास्ता रोक लिया और गालीगलौज करने लगे. पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि उसे जान से मारने की नीयत से जमीन पर पटक दिया गया.
महिला को बचाने के लिए उसका बेटा पहुंचा तो आरोपितों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, भाई को बचाने पहुंची पीड़िता की बेटी के साथ भी मारपीट किये जाने का आरोप है.
घर में घुसकर सामान छीनने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के बाद सभी आरोपित जबरन उसके घर में घुस गये. वहां से सोने की दुर्गाजी, 1,000 रुपये नकद और 5,000 रुपये की साड़ी छीन ली.
आरोप है कि घर से निकलते समय आरोपितों ने परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी. ग्रामीणों की मदद से पीड़िता और उसके घायल बेटे का इलाज सरकारी अस्पताल में कराया गया.
प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू
इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए