बच्चों के विवाद ने लिया खूनी मोड़, 62 वर्षीय उर्मिला देवी की पीट-पीटकर हत्या, 3 गिरफ्तार
पुलिस गिरफ्त में आरोपित | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के भिखनौलिया गांव में बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक मोड़ ले लिया, जिसके परिणामस्वरूप 62 वर्षीय उर्मिला देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
समस्तीपुर: बिथान थाना क्षेत्र के भिखनौलिया गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद 62 वर्षीय उर्मिला देवी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
10 सितंबर को बच्चों के विवाद से शुरू हुआ मामला
बताया जाता है कि 10 सितंबर की शाम बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाकर उस समय मामला शांत करा दिया था. इसके बाद 11 सितंबर की सुबह विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया.
इसी दौरान हुई मारपीट की घटना में उर्मिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. बाद में उनकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी.
विशेष टीम ने तीन नामजद आरोपितों को दबोचा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. बिथान थानाध्यक्ष राजकिशोर राय के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर प्राथमिकी अभियुक्त जीवछ मुखिया, कल्पना कुमारी और हीरा देवी को गिरफ्तार कर लिया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस टीम साक्ष्य संकलन के साथ संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पुलिस मामले में घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
कार्रवाई करने वाली टीम में पुअनि राजकिशोर राय, शेखर सुमन, नवीन कुमार सिंह, सअनि हरिवंश नारायण सिंह, सअनि मुकेश कुमार राय एवं पीटीटीसी हेमलता शामिल थीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए