RPF पोस्ट से फरार हुए शराब तस्करी के आरोपी, रेलवे ने 4 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

प्रतीकात्मक तस्वीर
समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट से शराब तस्करी के दो आरोपी फरार हो गए हैं. इस मामले में लापरवाही के चलते चार रेल पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं.
Samastipur News: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट से शराब तस्करी के दो आरोपियों के फरार होने के मामले में मंडल रेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. घटना में लापरवाही सामने आने के बाद चार रेल पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं.
किन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई?
निलंबित किए गए कर्मियों में सब इंस्पेक्टर पी.के. चौधरी, मनोज साह, राधेश्याम और दीपक कुमार शामिल हैं.
रेल प्रशासन ने बताया कि जांच पूरी होने तक इन सभी को निलंबित रखा जाएगा.
कैसे भागे आरोपी?
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ ने वाशिंग पिट क्षेत्र से शराब बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार सुमन और अर्जुन कुमार के रूप में हुई, जो पेठियागाछी के रहने वाले बताए गए हैं.
दोनों को पोस्ट परिसर में हाजत के पास बने एक कमरे में रखा गया था. इसी दौरान उनके खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी. आरोप है कि इसी बीच दोनों ने करकट (टीन) के बने शेड को हटाकर वहां से फरार हो गए.
जब तक पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी मिली, तब तक दोनों आरोपी मौके से निकल चुके थे.
कमांडेंट ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने के बाद समस्तीपुर रेल मंडल के कमांडेंट आशीष कुमार स्वयं जंक्शन पहुंचे और आरपीएफ पोस्ट का निरीक्षण किया. इसके बाद प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया.
जांच के आदेश
कमांडेंट आशीष कुमार ने बताया कि शराब तस्करी के दोनों आरोपियों के पोस्ट से फरार होने का मामला गंभीर है. इसलिए तत्काल चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी टीम में शामिल सभी कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. इसके अलावा मंडल रेल प्रशासन ने पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










