मंदिर जमीन की फर्जी खरीद-बिक्री और कब्जे का मामला, 7 लोगों पर FIR
रोसड़ा थाना
रोसड़ा मेन बाजार स्थित श्री ठाकुर राधे गोपाल मंदिर की जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा करने का मामला सामने आया है. रोसड़ा थाने में 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
समस्तीपुर: रोसड़ा मेन बाजार स्थित श्री ठाकुर राधे गोपाल मंदिर थतिया की जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसके आधार पर जमीन पर कब्जा करने के मामले में रोसड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने एफआईआर संख्या 383/2026, दिनांक 15 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 315 में मामला दर्ज किया है.
प्राथमिकी थतिया ड्योढ़ी निवासी देवेंद्र नारायण सिंह के पुत्र सुभाष कुमार के आवेदन के आधार पर दर्ज की गयी है. आवेदन में सात लोगों पर मंदिर की जमीन को कथित रूप से फर्जी तरीके से अपने नाम कराने, खरीद-बिक्री करने और कब्जा करने का आरोप लगाया गया है.
फर्जी तरीके से जमीन निबंधित कराने का आरोप
आवेदन के अनुसार, रोसड़ा मेन बाजार स्थित श्री ठाकुर राधे गोपाल मंदिर की भूमि को कथित तौर पर अवैध एवं फर्जी तरीके से निबंधित कराया गया. शिकायतकर्ता ने मंदिर की जमीन से संबंधित केबाला का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया है कि जमीन हड़पने के उद्देश्य से दस्तावेज तैयार कराये गये और उसके आधार पर जमीन की खरीद-बिक्री की गयी.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि केबाला कराने के बाद भी मंदिर की जमीन पर कब्जा बनाये रखने की कोशिश जारी रही. इसी क्रम में 21 जुलाई 2026 को आरोपितों द्वारा मंदिर की परिसंपत्ति पर कब्जा करने और उसे हड़पने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर कार्रवाई किये जाने का भी आरोप लगाया गया है.
2019 में भी दर्ज हुआ था मामला
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मंदिर की जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री को लेकर पूर्व में रोसड़ा थाना कांड संख्या 401/2019 दर्ज किया गया था. शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त मामले में आरोपितों को जेल भी भेजा गया था.
आवेदन में दावा किया गया है कि उस मामले के अनुसंधान के दौरान आरोपों की पुष्टि हुई थी. हालांकि, मौजूदा प्राथमिकी में लगाये गये आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी.
मूल दस्तावेजों की होगी जांच
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अनुसंधान के दौरान मंदिर की जमीन से संबंधित मूल अभिलेख, निबंधित दस्तावेज, केबाला एवं अन्य कागजात की जांच की जायेगी.
पुलिस यह भी जांच करेगी कि जमीन के दस्तावेज किस तरह तैयार और निबंधित कराये गये तथा खरीद-बिक्री और कब्जे से संबंधित शिकायतों में कितनी सत्यता है.
पुनि सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गयी है.
यह भी पढ़ें
श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में शुरू हुआ पहला MBBS एडमिशन, उज्ज्वल बने संस्थान के प्रथम छात्र
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए