12.5 लाख रुपये के नशीले पदार्थ के साथ महिला समेत तीन गिरफ्तार
बिहार के पटोरी में पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को 12.5 लाख रुपये की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Samastipur News: पटोरी थाना पुलिस ने विशेष कार्य बल (एसटीएफ), बिहार की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपितों के पास से संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12.5 लाख रुपये बताई गई है.
पांच डिब्बों से बरामद हुआ संदिग्ध मादक पदार्थ
थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से पांच प्लास्टिक की साबुनदानीनुमा डिब्बियों में भरा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, डिब्बों सहित कुल वजन 190 ग्राम है, जबकि संदिग्ध मादक पदार्थ का वजन 60.35 ग्राम बताया गया है.
पुलिस ने मौके से दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक की-पैड मोबाइल भी जब्त किया है.
महिला समेत तीन आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिहवारपुर निवासी गणेश कुमार, नावानगर निवासी राकेश कुमार राय तथा मथुरापुर निवासी पूनम देवी के रूप में हुई है.
एसटीएफ की सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि विशेष कार्य बल, बिहार, पटना से सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया. इसके बाद दो टीमों का गठन कर छापेमारी की गई.
लगुनियां रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन के समीप दो पुरुष और एक महिला की संदिग्ध गतिविधि देख उनकी तलाशी ली गई, जिसमें संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ.
मामले की जांच जारी
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है. बरामद पदार्थ की प्रकृति की पुष्टि विधिक प्रक्रिया के तहत जांच के बाद होगी.
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष अनिल कुमार के अलावा अपर थानाध्यक्ष अंशु सिंह, प्रियरंजन कुमार, धर्मवीर कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










