चेन्नई में मजदूरी करने गये 26 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत

Updated:
विज्ञापन

रोते- बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

समस्तीपुर के जाखड़ धर्मपुर गांव के 26 वर्षीय गुलशन कुमार की चेन्नई में मजदूरी के दौरान चाकू से हमले के बाद हुई मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है. अपने दो छोटे बच्चों और परिवार के भरण-पोषण की चिंता में डूबे परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है.

विज्ञापन

समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड के जाखड़ धर्मपुर पंचायत के वार्ड छह स्थित धर्मपुर गांव निवासी 26 वर्षीय गुलशन कुमार की चेन्नई में चाकू से किये गये हमले के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी, माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

विज्ञापन

पंचायत समिति सदस्य शंभू बैठा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि धर्मपुर गांव निवासी राजेश महतो का 26 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार पिछले कई वर्षों से चेन्नई में रहकर मजदूरी करता था. वह अपनी कमाई से परिवार का भरण-पोषण करता था. करीब दो माह पूर्व ही वह गांव से चेन्नई मजदूरी करने गया था.

काम पर जाते समय चाकू से हमला

परिजनों के अनुसार, बीते 16 सितंबर को काम पर जाने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने गुलशन पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में उसकी गर्दन में गंभीर चोट लगी. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलने पर चेन्नई और आसपास रह रहे रिश्तेदार घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने घटना से जुड़ी जानकारी गांव में रह रहे परिवार के सदस्यों को दी.

पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

गुलशन की मौत की खबर मिलते ही उसके पिता राजेश महतो, मां गायत्री देवी, पत्नी चंदा देवी समेत अन्य परिजन फूट-फूटकर रोने लगे और न्याय की गुहार लगाने लगे.

परिजनों ने बताया कि गुलशन के दो छोटे-छोटे पुत्र हैं. वह परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

पंचायत समिति सदस्य शंभू बैठा ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है. इसी कारण मृतक गुलशन का अंतिम संस्कार चेन्नई में ही किये जाने की बात सामने आई है.

ग्रामीणों ने की जांच और आर्थिक सहायता की मांग

गुलशन की मौत की खबर सुनकर गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजन यह कहते हुए रो रहे थे कि अब परिवार का भरण-पोषण कौन करेगा और बच्चों के साथ माता-पिता व पत्नी की देखभाल कैसे होगी.

दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से ग्रामीण भी दुखी हैं. उपस्थित ग्रामीणों ने घटना की जांच कर हमले में शामिल लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की. साथ ही स्थानीय प्रशासन से मृतक के आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.

मौके पर पंचायत समिति सदस्य शंभू बैठा, भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष ललित झा, राकेश कुमार, मुखिया पति महेश साहू, हनुमान प्रसाद समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें

कल्याणपुर में 14 वर्षीय किशोरी के घर में घुसकर जबरदस्ती के प्रयास का आरोप, युवक से चोरी की बाइक को लेकर भी पूछताछ

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन