ड्यूटी पर जा रहे दो गार्डों की बाइक को पिकअप ने मारी टक्कर, चक्के के नीचे आने से एक की मौत

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

समस्तीपुर के घटहो थाना क्षेत्र में एसएच-88 पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी थी.

विज्ञापन

समस्तीपुर: घटहो थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में बुधवार की सुबह एसएच-88 पर पिकअप की ठोकर से बाइक सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान घटहो थाना क्षेत्र के खेदरपुर निवासी महेंद्र प्रसाद राय के पुत्र बबलू कुमार राय (46) के रूप में हुई है. घायल की पहचान उसी गांव के उदय शंकर राय के पुत्र संजय कुमार राय के रूप में की गयी है.

विज्ञापन

परिजनों के अनुसार, बबलू कुमार राय श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शिवा कंपनी के माध्यम से गार्ड के पद पर कार्यरत थे. वहीं संजय कुमार राय सामता कंपनी के माध्यम से अस्पताल में गार्ड की ड्यूटी करते थे. बुधवार की सुबह दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर से ड्यूटी के लिए निकले थे.

तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर

बताया गया कि दोनों खजूरी चौक पार कर रहे थे. इसी दौरान वरुण की ओर से मिर्च लोड कर तेज रफ्तार से दलसिंहसराय की ओर जा रही पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर गये.

इसी दौरान पीछे बैठे बबलू कुमार राय के सिर पर पिकअप का चक्का चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं बाइक चला रहे संजय कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.

घायल को पहले सदर अस्पताल, फिर पटना किया गया रेफर

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल संजय कुमार राय को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया.

प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.

पुलिस ने घटना की छानबीन करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया.

ब्रेकर बनाने की मांग, प्रशासन ने दिया आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. सूचना पर सरायरंजन बीडीओ सुनील कुमार एवं सीओ निशांत कुमार मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की. अधिकारियों ने सरकारी स्तर से मिलने वाले मुआवजे का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया.

स्थानीय लोगों ने बीडीओ एवं सीओ से खजूरी चौक पर ब्रेकर निर्माण कराने की मांग की. अधिकारियों ने अविलंब ब्रेकर निर्माण कराने का आश्वासन दिया.

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मदद का भरोसा दिया

स्थानीय लोगों ने श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रबंधक से भी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की. कॉलेज प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया.

वहीं श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रधान लिपिक राकेश रौशन ने सभी गार्डों की शिफ्ट बदलने का समय सुबह 6 बजे के बजाय 8 बजे करने का आश्वासन दिया.

मृतक की पत्नी झून्नु देवी, बेटियां तनु कुमारी (22), रुचि कुमारी (20), जूही कुमारी (18) और बेटा रोहित कुमार (24) का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें

केवटी में अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन