ट्रेन के गेट पर ऐसे बनाते थे नकली भीड़, महिला यात्रियों के गहने लूटकर गायब हो जाता था लश्कर गैंग
प्रतीकात्मक तस्वीर
समस्तीपुर रेल पुलिस ने एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है जो ट्रेनों में महिला यात्रियों के गहनों पर हाथ साफ करता था. गिरोह ट्रेन के गेट पर कृत्रिम भीड़ बनाकर वारदात को अंजाम देता था.
समस्तीपुर: ट्रेनों में महिला यात्रियों के गहनों पर लश्कर गैंग की नजर रहती थी. रेल पुलिस की पूछताछ में गिरोह के वारदात करने के तरीके को लेकर कई जानकारियां सामने आयी हैं. जांच के अनुसार, गिरोह के सदस्य नई तरकीब अपनाकर ट्रेनों के गेट पर कृत्रिम भीड़ खड़ी कर देते थे और इसी का फायदा उठाकर अपने तय शिकार के गहने छीन लेते थे.
जानकारी के अनुसार, लश्कर गैंग के अधिकांश सरगना बंगाल के रहने वाले हैं. ओडिशा के कई क्षेत्र भी इस गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आयी है. गिरोह के सदस्य घटना को अंजाम देने के लिए लोगों को हायर करते थे. भीड़ में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को करीब 500 रुपये मजदूरी दी जाती थी.
7-8 लोग मिलकर बनाते थे कृत्रिम भीड़
जांच में सामने आया कि ट्रेन के आने के साथ सात-आठ लोग अपने तय शिकार की तलाश करते थे. इसके बाद प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के गेट के पास खड़े होकर कृत्रिम भीड़ बना देते थे.
ये लोग ट्रेन में चढ़ते नहीं थे. सिर्फ गेट का हैंडल पकड़कर ऊपर-नीचे होते रहते थे, जिससे गेट पर भीड़ जमा हो जाती थी. इसी दौरान गिरोह में शामिल एक अपराधी तय किये गये शिकार के गहने छीन लेता था और भीड़ का फायदा उठाकर वहां से निकल जाता था.
वारदात के बाद गिरोह में शामिल अन्य लोग भी ट्रेन में सवार नहीं होते थे. सभी लोग प्लेटफॉर्म छोड़कर निकल जाते थे, जिससे घटना के बाद उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था.
बिहार के स्टेशनों को बनाते थे निशाना
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह में शामिल कई लोग ओडिशा और बंगाल के रहने वाले हैं और बिहार आकर रेलवे स्टेशनों पर वारदात को अंजाम देते थे. स्थानीय या आसपास के स्टेशनों पर घटना करने से पहचान होने का डर रहता था. इसी वजह से बिहार के स्टेशनों को निशाना बनाने की बात सामने आयी है.
राजू लश्कर की गिरफ्तारी के बाद सामने आया तरीका
लश्कर गैंग की एक महत्वपूर्ण कड़ी राजू लश्कर की गिरफ्तारी के बाद समस्तीपुर रेल पुलिस को गिरोह के काम करने के तरीके और वारदात को अंजाम देने की प्रक्रिया के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली.
समस्तीपुर और दरभंगा रेलवे स्टेशन पर एक ही दिन हुई दो चेन स्नेचिंग की घटनाओं की जांच के दौरान इस गिरोह का पर्दाफाश होने की बात सामने आयी है. पुलिस जांच के अनुसार, सौ से अधिक बदमाशों वाला यह गिरोह बिहार में रेल यात्रियों को निशाना बना रहा था.
यह भी पढ़ें
मुसरीघरारी में बैंक से ₹70 हजार निकालकर लौट रही युवती से दिनदहाड़े लूट, CCTV खंगाल रही पुलिस
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए