समस्तीपुर: खेत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

प्रतीकात्मक तस्वीर
Samastipur News: उजियारपुर में दो दिन पहले परदेश से लौटे युवक का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. जानिए पूरी खबर…
समस्तीपुर से गिरिजा नंदन शर्मा की रिपोर्ट
Samastipur News: उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलारी चौक से योगी चौक गावपुर जाने वाली सड़क किनारे गुरुवार शाम एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. खजूरबन्नी और परवल के खेत के बीच शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मृतक की पहचान गावपुर पंचायत (वार्ड चार) निवासी सुरेश दास के पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है.
दो दिन पहले ही परदेश से लौटा था युवक
बताया जाता है कि सुमन परदेश में रहकर टाइल्स लगाने का काम करता था और दो दिन पूर्व ही अपने गांव लौटा था. गुरुवार शाम जब मजदूर खेत में परवल तोड़ रहे थे, तब उनकी नजर शव पर पड़ी. शुरुआत में लोगों ने भीषण गर्मी के कारण उसके बेहोश होने की आशंका जताई. हालांकि, शव के पास ही युवक का मोबाइल और कुछ दूरी पर उसकी बाइक खड़ी मिली, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने सुमन की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. सूचना मिलते ही उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










