समस्तीपुर में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, कुख्यात प्रिंस कुमार के पैर में लगी गोली

घटनास्थल की तस्वीर
Samastipur News: उजियारपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है. पुलिस की जवाबी फायरिंग में कुख्यात बदमाश प्रिंस कुमार के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य बदमाश फरार हो गए . पढ़ें पूरी खबर…
समस्तीपुर से अंकुर कुमार की रिपोर्ट
Samastipur News: जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के देसुआ गांव में बुधवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई. किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से जुटे बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक कुख्यात बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है. हालांकि, उसके अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे.
एसटीएफ और डीआइयू की संयुक्त छापेमारी में हुई फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देसुआ गांव में कुछ हथियारबंद अपराधी इकट्ठा हुए हैं और किसी बड़ी घटना की साजिश रच रहे हैं. सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस, एसटीएफ (STF) और डीआइयू (DIU) की टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की. पुलिस टीम को करीब आते देख अपराधियों ने खुद को घिरता पाकर फायरिंग झोंक दी. आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी.
जख्मी बदमाश का पुराना आपराधिक इतिहास
जख्मी हालत में गिरफ्तार किए गए बदमाश की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के भगवानपुर टकशेखु निवासी पिंकू लाल के 22 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. उसे तुरंत इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार प्रिंस कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह लूट, फायरिंग और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामलों में पुलिस का वांछित आरोपी रह चुका है. घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










