Samastipur: विभूतिपुर में घर में घुसकर वृद्ध दंपति की चाकू गोदकर हत्या, डबल मर्डर से गांव में दहशत
घटना की सूचना पर जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के विभूतिपुर में सोमवार रात एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई. घर में अकेले रह रहे वृद्ध दंपति की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई. मंगलवार सुबह शव मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
Vibhutipur Double Murder: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा वार्ड 11 स्थित भोलइया टोला में सोमवार रात घर में घुसकर अज्ञात अपराधियों ने वृद्ध दंपति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. मंगलवार सुबह दोनों के खून से लथपथ शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतकों की पहचान बंगाली दास (70) और उनकी पत्नी धनमा देवी (65) के रूप में हुई है. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी, एसडीपीओ और डीआईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस और एफएसएल की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है.
आपके शहर में
घर में अकेले रहते थे वृद्ध दंपति
ग्रामीणों के अनुसार बंगाली दास और धनमा देवी घर में अकेले रहते थे. उनके तीन बेटे दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि तीनों बेटियां शादीशुदा हैं. किसी से विवाद की बात अब तक सामने नहीं आयी है. दंपति एक गाय पालते थे और उसका दूध गांव के लोगों को बेचते थे.
सोमवार रात दोनों खाना खाने के बाद सो गये थे. मंगलवार सुबह दूध लेने पहुंचे एक ग्रामीण ने घर के सभी दरवाजे बंद देखे. आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद ग्रामीणों को शक हुआ और आसपास के लोग मौके पर जुट गये.
खून से लथपथ मिले दोनों के शव
ग्रामीणों ने बथान की बांस की घेराबंदी तोड़कर घर में प्रवेश किया. बाउंड्री फांदकर आंगन में पहुंचे तो बरामदे में दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले. बंगाली दास का शव चौकी पर था, जबकि धनमा देवी का शव जमीन पर पड़ा था.
बंगाली दास के दाहिने कान के पास चाकू से गंभीर वार के निशान मिले. वहीं धनमा देवी के माथे, सीने और पेट के पास चाकू के कई गहरे जख्म थे. घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने जुटाये.
नकदी को लेकर भी जांच कर रही पुलिस
बताया जाता है कि सोमवार को दूध के पैसे दंपति को मिले थे. दोनों घर में थोड़ी-बहुत नकदी भी रखते थे. इसी कारण ग्रामीणों ने पैसे के लिए हत्या किये जाने की आशंका जतायी है.
पुलिस घर के अंदर और बाहर मिले संदिग्ध निशानों की भी जांच कर रही है. हालांकि, अभी हत्या के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद और लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

एसपी और डीआईजी ने घटनास्थल का लिया जायजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह, एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा और डीआईजी मनोज कुमार तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली.
डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी घटनास्थल के आसपास सुराग तलाशे. डीआईजी ने जांच टीम और स्थानीय थाना पुलिस को त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया.
विधायक ने परिजनों से की मुलाकात
स्थानीय विधायक अजय कुमार भरपुरा पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मिले और संवेदना व्यक्त की. उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस और प्रशासन की जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की.
विधायक ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है और पुलिस अधिकारियों को दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये हैं.
हत्या के बाद गांव में दहशत

वृद्ध दंपति की निर्मम हत्या के बाद भरपुरा गांव में दहशत और तनाव का माहौल है. घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. चौराहों और प्रवेश मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गयी है.
पुलिस लगातार इलाके में छानबीन कर रही है. वहीं, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की मदद से हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं. ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: मोहिउद्दीननगर में गंगा का पानी नये इलाकों में फैला, करीब डेढ़ दर्जन स्कूल बंद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए