सोते समय डॉक्टर के बेटे की गोली मारकर हत्या, पैर बांधने के निशान मिले जांच में जुटी FSL टीम
जांच करती टीम व भीड़ | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के केसरोरा गांव में एक युवक की उसके घर के बाहर सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के पैर बांधने के निशान भी मिले हैं, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
समस्तीपुर: हसनपुर थाना क्षेत्र की परोरिया पंचायत के केसरोरा गांव में ग्रामीण चिकित्सक मो सुल्तान के पुत्र गुलजार अहमद उर्फ शाहीन की शनिवार की सुबह घर के बाहर सोयी अवस्था में गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार, शाहीन को तीन गोलियां मारी गयीं. उसके पैर पर किसी चीज से बांधे जाने के निशान भी मिले हैं. घटना की सूचना पर पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की.
सुबह जगाने पहुंचे परिजन तो खून के निशान देखकर सहमे
परिजनों के अनुसार, शाहीन प्रतिदिन घर के दरवाजे पर सोते थे. शनिवार की सुबह घर के लोग सोकर उठे और उन्हें जगाने के लिए पहुंचे. वहां खून के धब्बे देखकर परिजन सहम गये. इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों और प्रशासन को दी गयी. परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गये. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किये हैं.
पैर बांधने के निशान मिलने से कई सवाल
परिजनों के मुताबिक, शाहीन के पैर को किसी चीज से बांधने के निशान थे. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक का शरीर भारी-भरकम था और आशंका जतायी कि हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं. हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और वारदात में कितने लोग शामिल थे, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
स्थानीय लोगों के अनुसार, शाहीन मिलनसार स्वभाव के थे और उनका किसी से विवाद नहीं था.
FSL और डॉग स्क्वायड ने जुटाये साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुनील कांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया अज्ञात अपराधियों द्वारा वारदात को अंजाम दिये जाने की बात सामने आयी है. वैज्ञानिक जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी.
घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया. टीम ने मौके से आवश्यक नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाये, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है.
पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच
थानाध्यक्ष सुनील कांत ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है. जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है. घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है और गांव का माहौल गमगीन है.

छह बच्चों के पिता थे शाहीन
बताया गया कि गुलजार अहमद उर्फ शाहीन के चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं. इनमें दो पुत्रों की शादी हो चुकी है, जबकि दो पुत्र और दो पुत्रियां अभी अविवाहित हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है. ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से गंभीरता बरतने तथा मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए