पूसा कृषि विश्वविद्यालय की बस रोककर चालक और छात्रों से मारपीट मामले में FIR दर्ज
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा
समस्तीपुर के पूसा कृषि विश्वविद्यालय में छात्रों से भरी बस को रोककर चालक और छात्रों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है. घटना के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है.
समस्तीपुर: डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के छात्रों और बस चालक के साथ मारपीट तथा हुड़दंग करने के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना के वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के मौजूद होने की बात कही है.
मामले में विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रभारी शिरीष कुमार ने पुलिस को आवेदन दिया है. उन्होंने बताया कि 18 सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय के पूसा परिसर में ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम के दौरान छात्र ढोली कृषि महाविद्यालय का भ्रमण कर वापस लौट रहे थे.
जुलूस के कारण सड़क पर रुकी विश्वविद्यालय की बस
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे विश्वविद्यालय की बस भुसकौल चौक के समीप पहुंची. वहां सड़क पर भगवान गणेश की प्रतिमा के विसर्जन का जुलूस निकल रहा था. जुलूस में तेज आवाज में डीजे बज रहा था और सड़क अवरुद्ध थी.
बस चालक चुनचुन कुमार ने आगे जाने के लिए रास्ता मांगते हुए हॉर्न बजाया. शिकायत के अनुसार, हॉर्न की आवाज सुनकर जुलूस में शामिल कुछ लोग उग्र हो गये और बस के पास पहुंचकर चालक के साथ गाली-गलौज करने लगे.
चालक को कॉलर पकड़कर बस से उतारने का आरोप
विश्वविद्यालय की ओर से दर्ज करायी गयी शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उपद्रवियों ने जबरन बस का दरवाजा खोला और चालक चुनचुन कुमार को कॉलर पकड़कर सड़क पर उतार लिया. इसके बाद उसके साथ मारपीट की गयी.
चालक को बचाने के लिए बस में सवार छात्र नीचे उतरे. शिकायत के अनुसार, छात्रों ने चालक को छुड़ाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की गयी. घटना में कई छात्रों के चोटिल होने की बात कही गयी है.
वीडियो फुटेज के आधार पर जांच
विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रभारी ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज विश्वविद्यालय के पास मौजूद हैं और कुछ लोग घटना के प्रत्यक्षदर्शी भी हैं.
थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें
गोपालपुर चौक पर बाइक की ठोकर के बाद ट्रक ने 15 वर्षीय छात्र को कुचला, मौके पर मौत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए