17 सितंबर से भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, बूथ स्तर तक होंगे सेवा कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा के साथ स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा दक्षिणी जिला कमेटी 'सेवा संकल्प अभियान' चला रही है. यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न सेवा कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे.
समस्तीपुर: भाजपा दक्षिणी जिला कमेटी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान की पूरी तैयारी कर ली गयी है. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान आयोजित किये जायेंगे. उक्त जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा ने रविवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी.
‘सेवा से संकल्प, संकल्प से संघर्ष और संघर्ष से राष्ट्र निर्माण’
धनराज शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन केवल राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा से संकल्प, संकल्प से संघर्ष और संघर्ष से राष्ट्र निर्माण की यात्रा है. उन्होंने कहा कि 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में नरेंद्र मोदी ने यह साबित किया है कि राष्ट्रसेवा का संकल्प हो तो कठिन परिस्थितियों में भी विकास का रास्ता बनाया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए सत्ता कभी लक्ष्य नहीं रही, बल्कि जनसेवा का माध्यम रही है. गरीब, किसान, युवा, महिला, मजदूर और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनके कार्यों की प्रमुख भावना रही है. उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान और सामर्थ्य स्थापित किया है.
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी अभियान की शुरुआत
धनराज शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को याद करने के साथ उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र को सर्वोपरि मानने का संकल्प लेना भी है. 17 सितंबर को शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत होगी.
इसके बाद ‘सेवा चित्र’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘संकल्प’, ‘बड़नगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग’, ‘हैकाथान इनोवेशन चैलेंज’, ‘जन सेवक महाकुंभ’ और ‘25 साल 25 कहानी’ सहित कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
जिला से बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिला से लेकर प्रखंड और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गयी है. इस दौरान सेवा कार्यों और जनसंपर्क के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जायेगा.
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा दक्षिणी जिलाध्यक्ष शशिधर झा, उत्तरी जिलाध्यक्ष नीलम साहनी, विधान पार्षद तरुण चौधरी, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमरन सिंह, जिला प्रभारी संजीव साह, जिला मंत्री विमला सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें
पंचायत सरकार भवन की जमीन पर जेसीबी पहुंचते ही भड़का विवाद, मुखिया ने कहा- यहां श्मशान है
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए