Samastipur: दलसिंहसराय के बाढ़ प्रभावित दियारा में बांटी गयी राहत सामग्री, पावन के लिए भी मिली मदद
राहत सामग्री देते समिति के सदस्य | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत सामग्री का वितरण किया गया. सम्राट अशोक कुशवाहा विकास सेवा समिति ने जरूरतमंदों को चूड़ा, गुड़, दवाइयां और पावन सामग्री पहुंचाई. यह सहायता आपदा के समय समाज की एकजुटता का प्रतीक है.
समस्तीपुर: बाढ़ से प्रभावित और विस्थापित परिवारों की सहायता के उद्देश्य से सम्राट अशोक कुशवाहा विकास सेवा समिति, दलसिंहसराय की ओर से समस्तीपुर जिले में गंगा नदी के किनारे स्थित बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्र में राहत सामग्री का वितरण किया गया. समिति के पदाधिकारियों और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली.
चूड़ा, गुड़, मुरही और दवाइयां बांटी
राहत अभियान के दौरान जरूरतमंद परिवारों के बीच चूड़ा, गुड़, मुरही, नमकीन, बिस्कुट, चॉकलेट, दवाइयां और अन्य आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गयी. समिति के सदस्यों ने प्रभावित परिवारों से उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी लेकर यथासंभव सहायता उपलब्ध करायी.
चरचन भादो पावन के लिए भी सामग्री
वहीं, चरचन भादो पावन से एक दिन पूर्व जरूरतमंद परिवारों के बीच पावन सामग्री के रूप में अरवा चावल, चीनी और केला भी वितरित किया गया. समिति की ओर से बताया गया कि इसका उद्देश्य बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बावजूद परिवारों को अपनी परंपरागत पावन विधि सम्मानपूर्वक पूरा करने में मदद करना था.
‘आपदा के समय समाज साथ खड़ा है’
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. राहत और पावन सामग्री का वितरण केवल सहायता प्रदान करने का प्रयास नहीं है, बल्कि यह संदेश भी है कि आपदा के समय समाज अपने जरूरतमंद परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है.
समिति ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों और आम नागरिकों से अपील की कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सभी अपनी क्षमता के अनुसार आगे आयें. भोजन, दवा और अन्य आवश्यक सामग्री के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की मदद की जा सकती है.
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर समिति के राम सेवक सिंह, डॉ. डीएन सिंह, लक्ष्मीनारायण सिंह, रामविनोद सिंह, अजीत कुमार सिंह, नवीन कुमार कुशवाहा, प्रमोद कुमार कुशवाहा, प्रभात कुमार, सुधीर कुमार, सुधीर कुमार कुशवाहा, अमरकान्त कुशवाहा, राज कुमार सिंह सहित समाज के अनेक प्रबुद्ध एवं गणमान्य लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए