‘एक ईंट तक नहीं लगी’, फिर फाउंडेशन पूरा होने की रिपोर्ट कैसे? मुखिया-प्रशासन आमने-सामने

Updated:
विज्ञापन

निर्माण स्थल पर मौजूद जेसीबी व ट्रैक्टर | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

समस्तीपुर के वाजिदपुर मेयारी में पंचायत सरकार भवन के निर्माण स्थल को लेकर मुखिया और ग्रामीणों ने हंगामा किया है. मुखिया ने गलत रिपोर्टिंग का आरोप लगाते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है.

विज्ञापन

समस्तीपुर: प्रखंड क्षेत्र के वाजिदपुर मेयारी पंचायत में पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर विवाद दिनोंदिन गहराता जा रहा है. रविवार को संवेदक द्वारा चयनित स्थल पर जेसीबी से मिट्टी कटाई करायी जा रही थी. इसको लेकर मुखिया और स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश उत्पन्न हो गया. उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है.

विज्ञापन

गैरमजरूआ आम जमीन और श्मशान होने का आरोप

स्थानीय मुखिया बिरजू राय ने वरीय पदाधिकारियों को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि मौजा सुरमार की जिस भूमि पर पंचायत सरकार भवन के निर्माण का चयन किया गया है, वह गैरमजरूआ आम जमीन है. उनके अनुसार यह जलजमाव वाले क्षेत्र में आती है. वहां पूर्व से श्मशान भी है, जहां शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है.

मुखिया का कहना है कि चयनित स्थल पंचायत मुख्यालय से बाहर है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ग्राम सभा की अनुमति के स्थल चयन और भूमि पूजन कराया गया, जो पूरी तरह अनुचित है.

फाउंडेशन पूरा होने की रिपोर्ट पर सवाल

दूसरी ओर, एसडीओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार कार्यपालक अभियंता ने प्रतिवेदित किया था कि भवन का फाउंडेशन कार्य पूर्ण हो चुका है. रिपोर्ट में असामाजिक तत्वों द्वारा कार्य में बाधा उत्पन्न किये जाने की बात कही गयी थी. इसके लिए निर्माण कार्य सुचारू रूप से कराने के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी.

इस पर पलटवार करते हुए मुखिया ने प्रशासन और संवेदक पर भ्रामक और गलत जानकारी देने का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि उन पर रंगदारी मांगने का झूठा आरोप लगाया गया है.

‘स्थल पर एक ईंट तक नहीं लगी’

मुखिया ने जियो-टैग फोटो के हवाले से कहा कि स्थल पर एक ईंट तक नहीं लगी है. ऐसे में फाउंडेशन का काम पूरा होने की रिपोर्ट पर उन्होंने सवाल उठाया. उनका कहना है कि जब स्थल पर निर्माण ही नहीं हुआ है, तो रंगदारी मांगने का सवाल ही नहीं उठता.

उन्होंने प्रशासन से संवेदक का एग्रीमेंट रद्द करने, गलत रिपोर्ट देने वाले कर्मियों पर कार्रवाई करने और पंचायत सरकार भवन को किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है.

कार्रवाई नहीं हुई तो आत्मदाह की चेतावनी

मुखिया ने एक आवेदन में यह भी लिखा है कि अगर संवेदक व अन्य कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती है और पंचायत सरकार भवन दूसरे स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जाता है, तो वह आत्मदाह करेंगे.

जांच के बाद होगी उचित कार्रवाई

पूछे जाने पर एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया हुआ है. जांच के लिए आदेश किया गया है. जांचोपरांत उचित कार्रवाई की जायेगी.

वहीं, संवेदक के मुंशी की ओर से बताया जा रहा है कि अंचलाधिकारी और विभागीय आदेश के बाद ही यह कार्य कराया जा रहा है.

यह भी पढ़ें

मधुबनी-कोलकाता स्पेशल ट्रेन: समस्तीपुर होकर चलेगी ट्रेन, जानें टाइमिंग और रूट

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन