ई-शिक्षा कोष की गड़बड़ी से शिक्षक परेशान, नियोजित शिक्षक को बना दिया विशिष्ट शिक्षक

प्रतीकात्मक तस्वीर
कल्याणपुर प्रखंड के दो शिक्षकों को ई-शिक्षा कोष पोर्टल की त्रुटियों के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एक शिक्षक को गलती से 'विशिष्ट शिक्षक' दर्शाया गया, जबकि दूसरे के वेतन वृद्धि पर असर पड़ा है.
Kalyanpur News: शिक्षा विभाग की प्रक्रियाओं और ई-शिक्षा कोष पोर्टल में कथित त्रुटियों के कारण कल्याणपुर प्रखंड के दो शिक्षक लंबे समय से परेशान हैं. एक शिक्षक का कहना है कि उन्हें विभागीय प्रक्रिया पूरी किए बिना ही पोर्टल पर विशिष्ट शिक्षक दर्ज कर दिया गया, जबकि दूसरे शिक्षक का आरोप है कि विशिष्ट शिक्षक बनने के बाद भी उनका इंक्रीमेंट नहीं जोड़ा गया है.
नियोजित शिक्षक को पोर्टल पर बना दिया विशिष्ट शिक्षक
उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गोपालपुर पूर्वी में कार्यरत शिक्षक विनोद कुमार का कहना है कि उन्होंने पंचायत शिक्षक के रूप में सेवा शुरू की थी और वर्तमान में नियोजित शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने दक्षता परीक्षा भी उत्तीर्ण की, लेकिन विभाग की ओर से उन्हें विशिष्ट शिक्षक नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई.
इसके बावजूद, उनका आरोप है कि ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर उन्हें विशिष्ट शिक्षक के रूप में दर्ज कर दिया गया. उनका कहना है कि इस त्रुटि के कारण उन्हें क्षमता से अधिक शिक्षक दर्शाते हुए स्थानांतरण प्रक्रिया में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
शिक्षक के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में बीईओ के माध्यम से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को आवेदन दिया है. इसके अलावा बीआरसी में भी तीन बार आवेदन देकर त्रुटि सुधार की मांग की है.
इंक्रीमेंट नहीं जुड़ने की भी शिकायत
वहीं, उच्च विद्यालय कल्याणपुर में कार्यरत शिक्षक रितेश राय का कहना है कि विशिष्ट शिक्षक बनने के बाद पूर्वी चंपारण से उनका स्थानांतरण समस्तीपुर के कल्याणपुर उच्च विद्यालय में हुआ, लेकिन अब तक उनका इंक्रीमेंट नहीं जोड़ा गया है.
बताया गया कि इस संबंध में भी बीआरसी की ओर से तीन बार जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को पत्र भेजा गया है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है.
क्या बोले बीईओ
कल्याणपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) ने बताया कि शिक्षकों से प्राप्त सभी आवेदनों की जांच के बाद उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि अंतिम कार्रवाई जिला स्तर से ही की जाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










