जानकी एक्सप्रेस में जल्द जुड़ेगा एसी कोच, डीआरएम ने दिए निर्देश

समस्तीपुर मंडल में रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. जानकी एक्सप्रेस में जल्द ही वातानुकूलित कोच जोड़े जाएंगे, जिससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा. इसके अलावा, नई ट्रेनों की शुरुआत और मौजूदा सुविधाओं में सुधार पर भी चर्चा हुई.
Samastipur Railway News: समस्तीपुर मंडल मुख्यालय स्थित मंथन सभागार में शनिवार को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की तृतीय बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने की. इस दौरान एडीआरएम सनी सिन्हा, सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति समेत अन्य रेल अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे.
जानकी एक्सप्रेस में जल्द लगेगा एसी कोच
बैठक में डीआरयूसीसी सदस्य जहांगीर आलम ने 15283/15284 जानकी एक्सप्रेस में एसी कोच जोड़ने और इसे एलएचबी रैक में परिवर्तित करने की मांग उठाई. इस पर डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने सीनियर डीओएम को एक सप्ताह के भीतर एसी कोच जोड़ने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसके बाद यात्रियों को इस ट्रेन में वातानुकूलित यात्रा की सुविधा मिलने की उम्मीद है.
कई रेल सुविधाओं और नई ट्रेनों की उठी मांग
बैठक में समस्तीपुर से मुजफ्फरपुर जाने वाली मेमू ट्रेन संख्या 63269 और आगे पाटलिपुत्र जाने वाली 63267 को एक ही ट्रेन नंबर से संचालित करने का सुझाव दिया गया.
इसके अलावा कर्पूरीग्राम स्टेशन से भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर नई दिल्ली के लिए वाया हाजीपुर-पाटलिपुत्र सुपरफास्ट ट्रेन चलाने, समस्तीपुर से दरभंगा के बीच शाम करीब चार बजे नई पैसेंजर ट्रेन शुरू करने तथा मुजफ्फरपुर से कोलकाता के लिए सुबह एक नई ट्रेन चलाने की मांग भी उठाई गई.
बैठक में समस्तीपुर स्टेशन पर इंजन बदलने में लगने वाले समय के कारण ट्रेनों के विलंब पर चिंता जताई गई. साथ ही 02569/02570 क्लोन एक्सप्रेस के लगातार विलंब से परिचालन का मुद्दा भी उठाया गया.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में सरकारी डिग्री कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू
नए प्लेटफॉर्म के निर्माण का भी प्रस्ताव
समिति के सदस्यों ने समस्तीपुर स्टेशन के पश्चिम दिशा में प्लेटफॉर्म संख्या-1 के बगल की खाली जमीन पर नया प्लेटफॉर्म बनाने की मांग की, ताकि दरभंगा रूट की ट्रेनों का बेहतर संचालन हो सके.
गरीब रथ के विस्तार और हायाघाट में आरक्षण केंद्र की मांग
बैठक में जेडआरयूसीसी सदस्य एवं पत्रकार कृष्ण कुमार ने मुजफ्फरपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस (12211/12212) का विस्तार कर इसे समस्तीपुर से चलाने की मांग रखी. साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या-2-3 एवं 4-5 के पूर्वी छोर पर महिला और पुरुष यात्रियों के लिए ढके हुए यूरिनल निर्माण की मांग भी की.
इसके अलावा हायाघाट स्टेशन पर कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र खोलने का प्रस्ताव रखा गया. इस पर डीआरएम ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजने और इंडिया पोस्ट पीआरएस सेवा के माध्यम से भी सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने टिकट सुविधा केंद्र के लिए आवेदन आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू करने की भी बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










