समस्तीपुर: NH-28 पर कॉस्मेटिक सामान से लदे कंटेनर में भीषण आग, चालक-खलासी ने कूदकर बचायी जान
आग बुझाते दमकल कर्मी। | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में NH-28 पर कॉस्मेटिक सामान से लदे एक कंटेनर ट्रक में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. चालक और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचाई.
समस्तीपुर: दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसढ़िया स्थित एनएच-28 पर बैगन चौक के समीप शनिवार की सुबह कॉस्मेटिक सामान से लदे एक कंटेनर ट्रक में अचानक भीषण आग लग गयी. आग की चपेट में आने से ट्रक में लदा निहार नारियल तेल समेत अन्य कॉस्मेटिक सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी और एनएच-28 पर यातायात बाधित हो गया.
बताया जाता है कि कंटेनर बेगूसराय की ओर से समस्तीपुर जा रहा था. इसी दौरान बसढ़िया के पास ट्रक में अचानक आग लग गयी. आग तेजी से फैलता देख चालक और खलासी ने ट्रक को सड़क किनारे लगाया और कूदकर अपनी जान बचायी.
स्थानीय लोगों ने शुरू किया आग बुझाने का प्रयास
ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गये और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया. इसके बाद दमकल कर्मियों की टीम भी मौके पर पहुंची.
स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने चार गाड़ी पानी की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक ट्रक में लदा अधिकांश सामान और कंटेनर पूरी तरह जल चुका था.
आग लगने के कारणों की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद दलसिंहसराय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. ट्रक में आग कैसे लगी, इसका कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस दुर्घटना और आग लगने के कारणों की जांच कर रही है.
सूत्रों के अनुसार, कंटेनर हरियाणा नंबर का है. थानाध्यक्ष मो. इजहार आलम ने बताया कि ट्रक चालक से आवेदन मांगा गया है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें
राजेंद्र पुल की नई डबल रेल लाइन सिमरिया-बरौनी मेन लाइन से जुड़ेगी, 21 सितंबर से NI कार्य
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए