समस्तीपुर में गैस कनेक्शन के नाम पर साइबर ठगी, खाते से उड़े 2.23 लाख रुपये
समस्तीपुर में गैस कनेक्शन के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक व्यक्ति के खाते से 2.23 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Gas Connection Scam: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के रासपुर पतसिया गांव निवासी राणा प्रभाकर सिंह के साथ साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है. पीड़ित ने साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर नया गैस कनेक्शन लेने से जुड़ा एक विज्ञापन आया था, जिस पर क्लिक करने के बाद ठगों ने उनके बैंक खाते से लाखों रुपये उड़ा लिए.
आपके शहर में
Samastipur News: विज्ञापन के जरिए शुरू हुआ ठगी का खेल
पीड़ित राणा प्रभाकर सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके मोबाइल पर नया गैस कनेक्शन लेने से संबंधित एक विज्ञापन आया था. विज्ञापन में दिए गए विकल्प को दबाने के तुरंत बाद उनके पास एक अनजान मोबाइल नंबर से कॉल आया. फोन करने वाले ने नए गैस कनेक्शन के नाम पर यूपीआई के माध्यम से मात्र दो हजार रुपये भेजने का निर्देश दिया.
क्यूआर कोड भेजकर बनाया दबाव और कई बार किए कॉल
ठगों ने इसके बाद पीड़ित के पास एक क्यूआर कोड और गैस सिलेंडर की तस्वीर भेजी. पीड़ित ने पैसे भेजने से साफ इनकार कर दिया और फोन काट दिया. इसके बावजूद साइबर अपराधियों ने लगातार कई बार फोन किए. पीड़ित द्वारा हर बार कॉल काटने के बावजूद शातिर ठगों ने तकनीकी जालसाजी जारी रखी और वारदात को अंजाम दिया.
खाते से आठ बार में निकाले 2.23 लाख रुपये
आवेदन के मुताबिक कॉल काटने और पैसे भेजने से मना करने के बाद भी उनके बैंक खाते से खेल हो गया. यूपीआई के माध्यम से महज कुछ ही समय में आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2 लाख 23 हजार 197 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई. बैंक खाते से अचानक इतनी बड़ी रकम कटने के बाद उनके होश उड़ गए.
हेल्पलाइन पर शिकायत और पुलिस की जांच शुरू
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाते हुए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद उन्होंने साइबर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और प्राथमिकी दर्ज कराई. मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर पुलिस अब लेनदेन से जुड़े सभी विवरण और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें... बेटे को जहर देकर मारने वाली कलयुगी मां एसकेएमसीएच से पुलिस को चकमा देकर फरार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए