समस्तीपुर: गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 1.45 मीटर ऊपर, कई इलाकों में घुसा पानी; सड़कें डूबीं

Updated:
विज्ञापन

विशनपुर बेड़ी से मटिऔर जाने वाली सड़क पर फैला गंगा का पानी | Prabhat Khabar Network

मोहिउद्दीननगर में गंगा और वाया नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. कई सड़कें प्रभावित हुई हैं और डेढ़ दर्जन स्कूल बंद कर दिए गए हैं. स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.

विज्ञापन

मोहिउद्दीननगर: प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली गंगा और वाया नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. प्रतिदिन करीब 20 से 30 सेंटीमीटर तक जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में एक बार फिर बाढ़ का पानी फैलने लगा है. कई जगहों पर सोतों और ढाबों के आपस में जुड़ जाने से आसपास का इलाका झील जैसा नजर आने लगा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

खतरे के निशान से 1.45 मीटर ऊपर गंगा

सरारी कैंप पर तैनात सहायक अभियंता मनीष कुमार गुप्ता ने बुधवार को बताया कि गंगा का जलस्तर 46.95 मीटर दर्ज किया गया. यह खतरे के निशान से 1.45 मीटर अधिक है. उन्होंने बताया कि जलस्तर की प्रवृत्ति फिलहाल बढ़ने की है.

जलस्तर बढ़ने से मोहिउद्दीननगर के रासपुर पतसिया पूरब व पश्चिम, हरैल, कुरसाहा, दुबहा, महमद्दीपुर, तेतारपुर तथा मोहनपुर प्रखंड के धरणीपट्टी पश्चिम, दक्षिणी डुमरी, राजपुर जौनापुर और विशनपुर बेड़ी पंचायतों के निचले इलाकों में गंगा और वाया नदी का पानी फिर फैल गया है.

कई सड़कों पर पानी, आवागमन प्रभावित

पानी फैलने से आनंदगोलवा से गोला पट्टी जाने वाली सड़क, दुबहा पंचायत के दुबहा से अदलपुर जाने वाली सड़क, दियारा मोड़ से चपरा तथा विशनपुर बेड़ी से मटिऔर जाने वाली सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ है.

चापर स्थित डब्ल्यूपीयू के अंदर भी पानी भर गया है. ग्रामीणों के अनुसार वार्ड संख्या 9, 12, 13, 14 और 15 में गंगा का पानी तेजी से फैल रहा है.

डेढ़ दर्जन स्कूल बंद, 45 पर खतरा

गंगा और वाया नदी का पानी फैलने के कारण दोनों प्रखंडों के करीब डेढ़ दर्जन विद्यालयों को सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासनिक आदेश के तहत बंद कर दिया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह जलस्तर बढ़ता रहा तो जल्द ही दोनों प्रखंडों के करीब 45 विद्यालय प्रभावित हो सकते हैं.

स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर

एसडीएम विकास कुमार पांडेय ने बताया कि गंगा और वाया नदियों में जल वृद्धि को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है. 24 घंटे स्थिति की निगरानी की जा रही है.

उन्होंने बताया कि मोहिउद्दीननगर प्रखंड में 70 और मोहनपुर प्रखंड में 55 नावों का निबंधन किया गया है. इनमें से 17 नावों का परिचालन मोहिउद्दीननगर क्षेत्र में शुरू कर दिया गया है. इसके अलावा एसडीआरएफ की टीम भी तैनात की गयी है.

प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाया गया

जलवृद्धि को देखते हुए प्रभावित इलाकों में मेडिकल कैंप लगाया गया है. एसडीएम ने कहा कि आपदा की स्थिति से निबटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

उन्होंने लोगों से घबराने की बजाय सावधानी बरतने की अपील की. खासकर छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है.

यह भी पढ़ें

समस्तीपुर: ताजपुर में 4 साल की बच्ची से कथित दुष्कर्म के प्रयास का मामला, आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन